अजिंक्य रहाणे और शिखर धवन की शतकीय पारियों के बाद तेज गेंदबाज इशांत शर्मा ने अपना जलवा दिखाया और श्रीलंका को 169 रनों से हराकर टीम इंडिया ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
पूर्ण स्कोरकार्ड के लिए क्लिक करें।
टीम इंडिया ने सीरीज खेलने की अनिच्छुक श्रीलंकाई टीम के सामने 50 ओवर में जीत के लिए 364 रनों का विशाल लक्ष्य रखा, लेकिन इशांत (4/34) की धारदार गेंदबाजी के आगे मेहमान टीम 39.2 ओवर में 194 रन पर आउट हो गई। श्रीलंका की ओर से महेला जयवर्धने ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए।
इससे पूर्व पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद भारत ने 50 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 363 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे (111) और शिखर धवन (113) अपने-अपने शतक ठोकर आउट हो गए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 35 ओवर में 231 रनों की साझेदारी भी की। दोनों ने 21वें ओवर में अर्धशतक लगाए। अंतिम ओवर में युवा बल्लेबाज अक्षर पटेल (नाबाद 14) ने लगातार 2 गेंदों में छक्का जमाया।
भारत की ओर से तेज गेंदबाज इशांत के 4 विकेट के अलावा उमेश यादव और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट झटके, जबकि अश्विन और सुरेश रैना को 1-1 सफलता हाथ लगी। वहीं, श्रीलंका की ओर से सूरज रणदीव ने 10 ओवर में 78 रन देकर 3 विकेट झटके।
पांच मैचों की वनडे सीरीज कुछ दिन पहले ही तय की गई थी। वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के अचानक भारत दौरा रद्द करने के बाद बीसीसीआई ने यह सीरीज तैयार की। इस सीरीज के पहले 3 मैचों के लिए टीम इंडिया की अगुवाई विराट कोहली कर रहे हैं, नियमित कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को आराम दिया गया है।
दोनों ने जीवनदान का उठाया फायदा, ठोंके शतक
श्रीलंका से पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद शिखर धवन और अजिंक्य रहाणे ने भारत की पारी शुरुआत करने क्रीज पर आए। हालांकि दोनों शुरुआत में बेहद धीमे दिखे और 8 ओवर में 28 रन ही बना सके थे। लेकिन इसके बाद दोनों बल्लेबाजों ने अपना गियर बदला और तेजी से रन बनाने में जुट गए।
धवन को शुरुआत में विकेटकीपर कुमार संगकारा से जीवनदान भी मिला जब वह 10 रन पर खेल रहे थे, जिसका फायदा उन्होंने उठाया। धवन की तरह 38 रन पर खेल रहे रहाणे को भी जीवनदान मिला। दोनों ने 21वें ओवर में अर्धशतक लगाए। पहले रहाणे ने फिर धवन ने फिफ्टी ठोकी।
श्रीलंकाई गेंदबाजों की जमकर क्लास लेते हुए दोनों बल्लेबाजों ने टीम की रन गति को बेहतर करते हुए 6 रन प्रति ओवर के पार कर दिया। लाजवाब बल्लेबाजी कर रहे रहाणे ने 32वें ओवर की पांचवीं गेंद पर एक रन लेकर शतक पूरा किया। उन्होंने अपने वनडे करियर का दूसरा शतक 99 गेंदों में ठोका।
दूसरे छोर पर टिके धवन ने अगले ही ओवर में धक्का मारकर शतक पूरा किया। हालांकि शतक मारने के थोड़ी देर बाद वह दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से बोल्ड हो गए। उन्होंने 107 गेंदों में 14 चौके और 3 छक्के की मदद से 113 रन बनाए। आउट होने से पहले दोनों ने 231 रनों की साझेदारी की थी।
अपने 200वें वनडे में रैना ने जमाया अर्धशतक
पहले विकेट के लिए अजिंक्य रहाणे और शिखर धवन के बीच हुई 231 रनों की साझेदारी के टूटने के बाद कप्तान विराट कोहली ने खुद आने के बजाए टीम के अनुभवी बल्लेबाज सुरेश रैना को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए भेजा। रैना के लिए भी यह मैच बेहद खास है क्योंकि उनके करियर का यह 200वां वनडे मैच भी है।
रैना रहाणे का साथ देने क्रीज पर आए लेकिन वह भी शतक लगाने के बाद आउट हो गए। हालांकि रैना ने कोहली के साथ तीसरे विकेट के लिए 52 रनों की साझेदारी कर टीम का स्कोर 44वें ओवर में ही 300 के करीब पहुंचा दिया। रैना ने आज टी-20 स्टाइल में बल्लेबाजी की और 34 गेंदों में 52 रनों (4 चौका और 3 छक्का) की पारी खेली।
बाएं हाथ के बल्लेबाज रैना के जाने के बाद कोहली भी 22 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद अंबाती रायडू भी 27 रन बनाकर चलते बने।
बड़े लक्ष्य के जवाब में शीर्ष क्रम रहा नाकाम
टीम इंडिया से मिले बड़े लक्ष्य के जवाब में उतरी श्रीलंका को धुआंधार शुरुआत की दरकार थी लेकिन उपल थरंगा (28) और तिलकरत्ने दिलशान (18) ऐसा नहीं कर सके। यह जोड़ी नौंवें ओवर में महज 31 रन पर टूट गई। तेज गेंदबाज उमेश यादव ने दिलशान को विकेट के पीछे कैच आउट कराया।
इसके बाद अनुभवी बल्लेबाज कुमार संगकारा (13) को इशांत शर्मा ने विकेटकीपर रिदिमान साहा के हाथों कैच आउट कराया। भारत को तीसरी सफलता के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ा। आर अश्विन ने ओपनर थरंगा को आउट कर चलता किया।
विकेटों के लगातार पतन को श्रीलंका के बल्लेबाज रोक नहीं सके और चौथा विकेट सिकुगे प्रसन्ना (5) के रूप में गिरा। यह विकेट अक्षर पटेल को मिला, जिन्होंने बल्लेबाज को रहाणे के हाथों कैच आउट कराया। पटेल ने श्रीलंका को तगड़ा झटका देते हुए महेला जयवर्धने को भी आउट करा दिया। जयवर्धने 43 रन बनाकर आउट हुए। 26वें ओवर तक श्रीलंका की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी।