भारत और श्रीलंका के बीच दूसरे टेस्ट मैच का टॉस टीम इंडिया ने जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। लेकिन उसका यह फैसला गलत साबित होता दिखा जब शुरुआती 5 ओवर के अंदर ही टीम के 2 विकेट गिर गए। फिर लोकेश राहुल के शानदार शतक और 2 अर्धशतकों के दम पर भारत ने जोरदार वापसी की और 300 से ज्यादा का स्कोर कर लिया।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए यहां कि्लक करें।
कोलंबो में खेले जा रहे मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 6 विकेट पर 319 रन बना लिए थे। शानदार बल्लेबाजी कर रोहित शर्मा ने 79 रन बनाए और रिदिमान साहा (नाबाद 19) के साथ छठे विकेट के लिए 52 रनों की साझेदारी कर खेल रहे थे लेकिन अंतिम ओवर में वह एंजेलो मैथ्यूज की गेंद पर पगबाधा हो गए।
इससे पहले महज 12 रन पर 2 विकेट गंवाने के बाद लोकेश राहुल (108) और कप्तान विराट कोहली (78) ने तीसरे विकेट के लिए साहसिक 164 रनों की शतकीय साझेदारी कर टीम को संकट से बाहर निकाला। इसके बाद लोकेश ने टी-ब्रेक के बाद दूसरे ओवर में 2 रन लेकर अपने करियर का दूसरा शतक जमाया, लेकिन शतक लगाने के बाद वह जल्द आउट हो गए। उनके शतक के अलावा कोहली और रोहित ने अर्धशतकीय पारियां खेली।
भारतीय कप्तान कोहली ने इस मैच में तीन बदलाव किए। चोटिल ओपनर शिखर धवन की जगह मुरली विजय की वापसी हुई जबकि हरभजन सिंह को एकादश में नहीं रखा गया और उनकी जगह टीम में रखे गए स्टुअर्ट बिन्नी। तीसरे बदलाव के रूप में उमेश यादव वापस टीम में लौटे, वरुण आरोन को बाहर कर दिया गया।
हालांकि वापसी की आस लगाए चेतेश्वर पुजारा एक बार फिर टीम में जगह नहीं बना सके जिस कारण रोहित शर्मा अपनी जगह बचाने में सफल हो गए। श्रीलंका ने भी अपनी टीम में एक बदलाव किया।
गाले में खेले गए पहले टेस्ट मैच में हार के बाद तीन मैचों की सीरीज में भारत एक बार फिर पिछड़ गया। भारत जहां इस धरती पर सीरीज जीतने के 22 साल के लंबे अंतराल को खत्म करना चाहेगा वहीं श्रीलंका के महान बल्लेबाज कुमार संगकारा के करियर का यह अंतिम टेस्ट मैच है और टीम जीत के साथ इस सुपर स्टार बल्लेबाज को विदाई देना चाहेगी।