लगातार बारिश ने श्रीलंका और भारत के बीच खेले जा रहे कोलंबो टेस्ट के पहले
दिन का पूरा खेल नहीं होने दिया। लंच से पहले शुरू हुई बारिश लगातार होती रही और शाम 4 बजे तक जारी रही जिस कारण अंपायरों ने समय से पहले ही शुरुआती दिन के खेल को खत्म घोषित कर दिया।
लाइव स्कोर कार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
कोलंबो के खेले जा रहे सीरीज के तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच में मेजबान
श्रीलंका ने टॉस जीतकर टीम इंडिया को पहले बल्लेबाजी करने का मौका दिया जिसमें मेहमान टीम की शुरुआती झटके भी लगे।
बारिश के कारण खेल रोके जाने के समय भारत ने 2 विकेट पर 50 रन बना लिए थे। क्रीज पर चेतेश्वर पुजारा (19) और कप्तान विराट कोहली (14) खेल रहे थे। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 36 रनों की साझेदारी हो चुकी है।
सीरीज के निर्णायक मैच में भारतीय टीम की ओर से विकेटकीपर-बल्लेबाज नमन ओझा टेस्ट करियर की शुरुआत कर रहे हैं। इसके अलावा चेतेश्वर पुजारा की भी टीम में वापसी हुई। वह पिछले साल दिसंबर से ही भारतीय टीम से बाहर चल रहे थे।
वहीं श्रीलंका ने भी अपनी टीम में 3 बदलाव किए। विकेटकीपर कुशल परेरा भी टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण कर रहे हैं। उनके अलावा नुवान प्रदीप और उपल थरंगा भी टीम एकादश में शामिल हैं। कुमार संगकारा, जेहान मुबारक और चमीरा टेस्ट टीम में नहीं हैं। संगकारा ने पिछले मैच से क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।