ओवल में टेस्ट सीरीज के अंतिम मैच में भारत को जब पहले बल्लेबाजी का न्योता मिला तो लगा कि बल्लेबाज इस बार अपनी पिछली असफलता से उबरते हुए टीम को अच्छी स्थिति में पहुंचाएंगे, लेकिन इस बार भी शीर्ष क्रम बुरी तरह से नाकाम रहा। बल्लेबाजों की नाकामी ने टीम इंडिया को मैच के पहले ही दिन बैकफुट पर डाल दिया।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
भारत की पहली पारी को 148 रन पर समेटने के बाद इंग्लैंड ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक बिना विकेट खोए 60 रन बना लिए थे। इंग्लैंड की तरफ से कप्तान एलिस्टर कुक ने 24 और सैम रॉबसन ने 33 रन बनाकर टीम को सधी शुरुआत दी।
इससे पहले मैनचेस्टर की तरह ओवल में भी भारत की शुरुआत बहुत ही खराब रही और महज 36 रन पर टीम ने अपने शीर्ष क्रम के 5 विकेट गंवा दिए। लेकिन इसके कप्तान धोनी (82 रन, 140 गेंद, 15 चौके और 1 छक्का) 10वें विकेट के लिए इशांत शर्मा (7 रन, 42 गेंद) के साथ 58 रनों की अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम की लाज कुछ हद तक बचाने में कामयाब रहे। भारत की पहली पारी 148 रन बनाकर आउट हो गई।
इंग्लैंड की ओर से तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड ने 2-2 विकेट निकाले, जबकि क्रिस जोर्डन और क्रिस वोग्स को 3-3 सफलता मिली। धोनी का विकेट ब्रॉड ने ही झटका।
इंग्लैंड टीम ने इस मैच के लिए अपनी पिछली एकादश में एक भी बदलाव नहीं किया, जबकि कप्तान धोनी ने अपने पिछले एकादश में 2 बदलाव किए। आलराउंडर रवींद्र जडेजा की जगह स्टुअर्ट बिन्नी को और तेज गेंदबाज पंकज सिंह की जगह इशांत शर्मा की वापसी हुई।
इससे पहले गीली आउटफील्ड के कारण टॉस तय समय से नहीं हो सका था। 30 साल बाद दोनों टीमें इंग्लैंड में पहली बार 5 मैचों की सीरीज खेल रही हैं जिसमें इंग्लैंड 2-1 से आगे बना हुआ है।