केकेआर के लिए सुनील नरेन और आंद्रे रसेल ने 2-2 विकेट झटके। टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस के लिए दोनों ही ओपनर्स एविन लेविस (43) और सूर्यकुमार यादव (59) ने टीम को ठोस शुरुआत दिलाई। पहले विकेट के लिए इनके बीच 91 रन की साझेदारी हुई। इस पार्टनरशिप को आंद्रे रसेल ने तोड़ा। उन्होंने खतरनाक दिख रहे लेविस को स्लोअर बॉल में क्रिस लिन के हाथों झिलवाया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए कप्तान रोहित शर्मा (11) कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए, वो सुनील नरेन की गेंद पर डीप मिड विकेट क्ष्रेत्र पर अपना कैच अतिरिक्त खिलाड़ी रिंकू सिंह को थमा बैठे। आईपीएल इतिहास में यह 7वां मौका था जब नरेन ने रोहित का शिकार किया। ओपनिंग करने आए सूर्यकुमार यादव (59) को आंद्रे रसेल ने विकेट के पीछे दिनेश कार्तिक के हाथों कैच आउट करवाया। सुनील नरेन ने अपना दूसरा विकेट लेते हुए क्रुणाल पांड्या (14) को चलता किया।
कोलकाता की टीम में 2 बदलाव किए गए थे। चोट से वापसी कर रहे नितीश राणा को रिंकू सिंह की जगह प्लेइंग इलेवन में जगह मिली। शिवम मावी चोटिल होकर टीम से बाहर थे, उनकी जगह दक्षिण भारत से आने वाले युवा तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को शामिल किया गया था। दूसरी ओर मुंबई इंडियंस की टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया था।
टीमें इस प्रकार है:
मुंबई इंडियंस- सूर्यकुमार यादव, एविन लुईस, ईशान किशन, रोहित शर्मा (कप्तान), जेपी डुमिनी, हार्दिक पांड्या, क्रुणाल पांड्या, बेन कटिंग, मैक्लेनाघन, मयंक मार्केेडे, जसप्रीत बुमराह
कोलकाता नाइटराइडर्स- क्रिस लिन, सुनील नरेन, रॉबिन उथप्पा, शुभमन गिल, नितीश राणा, दिनेश कार्तिक (कप्तान) आंद्रे रसेल, पियूष चावला, मिचेल जॉनसन, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा