आईपीएल-8 के पहले प्लेऑफ मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपरकिंग्स को 25 रनों से मात देकर टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। मुंबई के 6 विकेट खोकर 187 रनों के जवाब में चेन्नई टीम 162 रन ही बना सकी।
वहीं, दूसरी ओर पुणे में होने वाले दूसरे प्लेऑफ मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर और राजस्थान रॉयल्स में से विनिंग टीम चेन्नई से भिड़ेगी। विजेता टीम को फाइनल का टिकट मिलेगा।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए क्लिक करें।
मुंबई के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की शुरुआत खराब रही। टीम के विस्फोटक बल्लेबाज ड्वेन स्मिथ (0) तेज गेंदबाज लसित मलिंगा का शिकार हुए। 6वें ओवर में विनय कुमार ने माइकल हसी (16) को आउट कर मुंबई को दूसरी सफलता दिलाई। इसी ओवर में सुरेश रैना (25) ने छक्के के साथ टीम का स्कोर 50 के पार किया।
दो झटके खाने के बाद रैना और फैफ डु प्लेसिस (45) ने पहले धीमा खेल दिखाया लेकिन जल्दी ही दोनों लय में आ गए। 11वें ओवर में खतरनाक खेल रहे रैना को हरभजन ने कॉट एंड बोल्ड कर अपनी टीम को तीसरी सफलता दिलाई। अगली गेंद पर कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (0) हरभजन का दूसरा शिकार बने। इसी ओवर में भज्जी अपना तीसरा विकेट लेने से चूक गए। ड्वेन ब्रावो (25) का एक कैच उनसे छूट गया
रनों के लगातार दबाव के चलते चेन्नई के बल्लेबाजों ने तेज हिट लगाने की कोशिश की। नतीजन प्लेसिस के रुप में चेन्नई ने अपना 5वां विकेट खोया। वह फिफ्टी से महज 5 रन से चूके। ब्रावो अनलकी रहे और रन आउट हुए। कुछ देर बाद पवन नेगी (3) भी चलते बने। हालांकि आखिर में आर अश्विन (23) और रविंद्र जडेजा (19) ने रनों में कुछ बढोत्तरी की लेकिन सह टीम को जीत नहीं दिला सकी।