पहली बार वर्ल्ड कप का हिस्सा बनी अफगानिस्तान टीम ने उम्मीद के मुताबिक अपने पहले ही मैच में शानदार प्रदर्शन किया और कैनबरा में उतार-चढ़ाव से भरे वर्ल्ड कप के इस सातवें मुकाबले में उसने बांग्लादेश की पूरी टीम को समेट दिया। इसके बाद इस नवोदित टीम बांग्ला आक्रमण का काफी हद तक सामना किया लेकिन अनुभवी बांग्लादेश ने यह मैच 43 गेंद शेष रहते 105 रनों से जीत ही लिया।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
वनडे क्रिकेट में टेस्ट टीम बांग्लादेश का दूसरी बार सामना कर रही अफगानिस्तान जब 268 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो शुरुआत में लग रहा था कि अफगान टीम चुनौती दे सकती हैं। लेकिन पहले ही ओवर की अंतिम गेंद पर जावेद अहमदी (1) का विकेट ले लिया। इसके बाद अगले 2 ओवर में भी एक-एक विकेट गंवाए। महज 3 ओवर में 3 रन पर 3 विकेट गंवा देने से पहली बार वर्ल्ड कप खेल रही अफगान टीम पर संकट के बादल मंडराने लगे।
लेकिन इसके बाद नवरोज मंगल (27) ने सामीउल्लाह शेनवारी (42) के साथ चौथे विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी कर कुछ उम्मीद जगाई हालांकि बांग्लादेश ने इस जोड़ी को तोड़ने के बाद उसकी रन गति को धीमा कर दिया। कप्तान मोहम्मद नबी (44) ने नजीबुल्लाह जरदान (17) के साथ छठे विकेट के लिए 52 रन जोड़े पर यह टीम के लिए काफी नहीं रहा और पूरी टीम 42.5 ओवर में 162 रन बनाकर आउट हो गई। बांग्लादेश की ओर से मशरफे मुर्तजा ने 3 विकेट झटके। बांग्लादेश इस जीत के साथ वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरुआत करने में सफल रहा।
इससे पहले बांग्लादेश की पूरी टीम संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 267 रन बनाकर आउट हो गई। उसकी ओर से मुशफिकर रहीम ने सर्वाधिक 71 रन बनाए और पूर्व कप्तान शाकिब अल हसन के साथ पांचवें विकेट के लिए 114 रनों की शतकीय साझेदारी भी निभाई। दोनों ही बल्लेबाजों ने अपने-अपने अर्धशतक भी लगाए।
अफगानिस्तान की ओर से गेंदबाजों ने बेहद शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया और खुलकर रन बनाने का मौका नहीं दिया। मिरवाइज अशरफ ने 32 रन देकर 2 विकेट झटके, जबकि हामिद हसन, आफताब आलम और शपूर जरदान को भी 2-2 विकेट मिले।