एडिलेड में हुए तीसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को 6 विकेट से रौंदकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। ऑस्ट्रेलिया यह मैच 97 गेंद रहते जीत गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की पूरी टीम 49.5 ओवर में 213 रन पर सिमट गई थी। उसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 33.5 ओवरों में इस लक्ष्य को 6 विकेट रहते जीत लिया।
लाइव स्कोर कार्ड के लिए क्लिक करें
पाकिस्तान के 213 रनों का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई ओपनर डेविड वॉर्नर ने पहले ही ओवर में चौका लगाकर पाक खिलाड़ियों की चौंका दिया, लेकिन जल्द ही पाकिस्तान ने वापसी की। तीसरे ओवर में ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका लगा। गेंदबाज सोहेल खान ने ऑस्ट्रेलियाई ओपनर एरोन फिंच (2) को सस्ते में आउट कर पवेलियन की राह दिखाई।
पहला विकेट गिरने के बाद वॉर्नर का साथ निभाने स्टीव स्मिथ पहुंचे। कुछ देर दोनों बल्लेबाजों ने पाक गेंदबाजों की गेंदों पर जमकर हिट लगाए। लेकिन वहाब रियाज ने अपनी टीम को दूसरी सफलता देते हुए वॉर्नर (24) का विकेट लिया। अपनी घातक गेंदबाजी जारी रखते हुए वहाब ने अपने अगले ओवर में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क (8) का विकेट लेकर अपनी टीम को तीसरी सफलता दिलाई।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे सफल गेंदबाज जोस हेजलवुड रहे। उन्होंने 4 विकेट झटके। हेजलवुड के बाद मिचेल स्टॉर्क और ग्लेन मैक्सवेल को दो-दो सफलता मिली। वहीं मिचेल जॉनसन और जेम्स फॉकनर को एक-एक विकेट मिला। पाकिस्तान को चौथी सफलता एहसान आदिल ने दिलाई। उन्होंने स्मिथ (65) को पगबाधा किया। महज 59 पर 3 विकेट खोने के बाद स्टीवन स्मिथ (65) ने शेन वॉटसन ( नाबाद ) के साथ चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की।
वॉटसन को महज 4 रन के निजी स्कोर पर आसान जीवनदान राहत अली से मिला था। उसके बाद वहाब की ही गेंद पर ग्लेन मैक्सवेल का कैच सोहेल खान ने छोड़ा। कैच छूटने का फायदा उठाते हुए मैक्सवेल और वॉटसन ने इसका बखूबी फायदा उठाया और मैच अपनी टीम की झोली में डाल दिया। वॉटसन 66 गेंदों में 1 छक्का और 7 चौकों की मदद से 64 रन और मैक्सवेल मात्र 29 गेंदों में 2 छक्के और 5 चौकों की मदद से 29 रन पर नाबाद रहे।
अब ऑस्ट्रेलिया दूसरे सेमीफाइनल में 26 मार्च को सिडनी में भारत के खिलाफ खेलेगी। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका और टीम इंडिया सेमीफाइनल में प्रवेश कर चुकी है।