चैंपियंस लीग ट्वंटी-20 टूर्नामेंट के ग्रुप ‘बी’ के एक अहम मैच में लायंस ने यॉर्कशायर को पांच विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। लायंस के चार मैचों में 12 अंक हैं जबकि टॉप पर कायम सिडनी सिक्सर्स के तीन मैचों में 12 अंक हैं। लायंस की इस जीत से ग्रुप की अन्य टीमें यॉर्कशायर, मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स सेमीफाइनल की होड़ से बाहर हो गई हैं।
यॉर्कशायर के तीन मैचों में सिर्फ दो अंक हैं जबकि मुंबई इंडियंस के दो मैचों में दो अंक और चेन्नई के दो मैचों में कोई अंक नहीं है। यदि लायंस यह मैच हार जाता तो अन्य टीमों के लिए होड़ में बने रहने का मौका बन जाता लेकिन लायंस की जीत ने तीनों टीमों के लिए सेमीफाइनल के रास्ते बंद कर दिए।
132 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए लायंस ने 19.2 ओवर में पांच विकेट पर 134 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। इस रोमांचक मुकाबले में लायंस को जीत के लिए आखिरी दो ओवर में 20 रन की दरकार थी। ऐसे में ‘मैन ऑफ द मैच’ जीन सिमेस ने 22 गेंदों में तीन चौकों और एक छक्के के साथ 27 रन की धुआंधार पारी खेलकर टीम को चार गेंद शेष रहते जीत दिला दी। इससे पहले, यॉर्कशायर की टीम सात विकेट पर सिर्फ 131 रन ही बना सकी। ओपनर फिल जैक्स ने सर्वाधिक 31 रन की पारी खेली।