वेस्टइंडीज के दिग्गज पूर्व बल्लेबाज ब्रायन लारा का कहना है कि विराट कोहली को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की जरूरत नहीं है। हाल ही में ऐसी खबरें आई थी कि कोहली ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को बताया है कि वह टेस्ट क्रिकेट में आगे नहीं खेलना चाहते हैं। हालांकि, बोर्ड के एक सीनियर अधिकारी ने कोहली से इस बारे में बात की है और उनसे फैसले पर दोबारा विचार करने के लिए कहा है।
टेस्ट क्रिकेट में 400 रन बनाने वाले एकमात्र बल्लेबाज लारा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया और कहा कि कोहली अपने शेष टेस्ट करियर में 60 के औसत से बल्लेबाजी कर सकते हैं। लारा ने इस पोस्ट में लिखा, टेस्ट क्रिकेट को विराट की जरूरत है! उन्हें मना लिया जाएगा। वे टेस्ट क्रिकेट से संन्यास नहीं लेने जा रहे हैं। कोहली अपने बचे हुए टेस्ट करियर में 60 से ऊपर की औसत से रन बना सकते हैं।
न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खराब प्रदर्शन
कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान निराश किया था और वह पर्थ में पहले टेस्ट की दूसरी पारी में 100 रन बनाने के बाद अन्य चार टेस्ट की सात पारियों में 90 रन ही बना पाए थे। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर कोहली ने पांच टेस्ट की नौ पारियों में 23.75 की औसत से 190 रन बनाए थे। उससे पहले कोहली का न्यूजीलैंड के भारत दौरे पर भी प्रदर्शन खराब रहा था। कीवियों के खिलाफ तीन टेस्ट की छह पारियों में वह 15.50 की औसत से 93 रन बना पाए थे।
भारत को लग सकता है दोहरा झटका
अगर कोहली अपना मन नहीं बदलते हैं तो रोहित शर्मा के संन्यास के बाद भारत को एक और बड़ा झटका लगेगा। साथ ही भारतीय क्रिकेट में एक अध्याय भी समाप्त हो जाएगा। रोहित ने बुधवार को टेस्ट से संन्यास की घोषणा की थी। उन्होंने भी इस प्रारूप में कीवियों और ऑस्ट्रेलिया दौरे पर खराब प्रदर्शन के बाद फैसला लिया था। रोहित और कोहली टी20 अंतरराष्ट्रीय से पहले ही संन्यास ले चुके हैं। ऐसे में अगर कोहली फैसला नहीं बदलते हैं, तो दोनों सिर्फ वनडे क्रिकेट में दिखाई पड़ेंगे।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी गंवाने के बाद भारतीय टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) 2023-25 चक्र के फाइनल में जगह नहीं बना पाई थी। हाल ही में भारत आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में चौथे स्थान पर खिसक गया था। भारत अब डब्ल्यूटीसी 2025-27 चक्र की शुरुआत इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के साथ करेगा। भारत को जून इंग्लैंड का दौरा करना है और रोहित के संन्यास लेने के बाद टीम अब नए टेस्ट कप्तान के तौर पर लाल गेंद के इस प्रारूप में उतरेगी।