अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके वीवीएस लक्ष्मण के कलाई का जादू एक बार फिर मैदान पर दिखेगा। भारत के पूर्व बल्लेबाज रणजी ट्रॉफी 2012-13 में हैदराबाद टीम की कप्तानी करेंगे। हैदराबाद को टूर्नामेंट में अपना पहला मैच मोहाली मे दो नवंबर को खेलना है।
टेस्ट क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज लक्ष्मण ने इसी साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने के दौरान इच्छा जताई थी कि वह घरेलू मैचों में अपनी टीम हैदराबाद की ओर से कप्तानी करना चाहते हैं। ऐसे में टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज लक्ष्मण को रणजी ट्रॉफी के लिए हैदराबाद की कप्तानी का मौका दिया गया है।
गत सीजन हैदराबाद के कप्तान रहे द्वारक रवि तेजा को इस बार टीम का उपकप्तान बनाया गया है। इसके अलावा प्रज्ञान ओझा को भी पंजाब के खिलाफ ओपनिंग मैच मे हैदराबाद की टीम मे शामिल किया गया है। ओझा फिलहाल मुंबई इंडियंस की ओर से चैंपियंस लीग में खेल रहे हैं। इसके अलावा टीम के मुख्य कोच की भूमिका मे टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी सुनील जोशी और नोएल डेविड फील्डिंग कोच की भूमिका में हैं।
हैदराबाद टीमः वीवीएस लक्ष्मण (कप्तान), द्वारका तेजा (उपकप्तान), अक्षत रेड्डी, हनुमा विहारी, अर्जुन यादव, सईद अहमद कदार, बावांका संदीप, इब्राहिम खलील, प्रज्ञान ओझा, आशीष रेड्डी, मोहम्मद खादर, अनवर अहमद, पगदाला नायडू, अभिनव कुमार और विशाल शर्मा।