आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी विवादों में न रहें ऐसा हो ही नहीं सकता। वो आए दिन किसी न किसी विवादास्पद मुद्दे को उठाते हैं और मीडिया की सुर्खियां बटोरते रहते हैं। पिछले कई सालों से लंदन में रह रहे ललित मोदी ने एक और विवाद को हवा दी है। इस बार मोदी के निशाने पर टीम इंडिया और चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी हैं। मोदी ने सोशल मीडिया पर एमएस धोनी का बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष एन श्रीनिवासन की कंपनी इंडिया सीमेंट्स में वाइस प्रेसिडेंट नियुक्त किए जाने का अपॉइन्टमेंट लेटर शेयर किया है।
धोनी की तनख्वाह थी 1,73,945 रुपये प्रतिमाह
एमएस धोनी
धोनी को इंडिया सीमेंट्स ने वाइस प्रेसिडेंट( मार्केंटिंग) पद पर नियुक्त किए जाने संबंधी लेटर 29 मई 2012 को जारी किया था जो कि 7 जुलाई 2012 यानी धोनी के जन्मदिन से प्रभावी होनी थी। अपॉइन्टमेंट लेटर में धोनी को दी जाने वाली तनख्वाह के बारे में भी जानकारी दी गई है। धोनी को इंडिया सीमेंट्स के कॉरपोरेट ऑफिस में रिपोर्ट करना था। उनकी बेसिल सेलरी कंपनी ने 43000 रुपये निर्धारित की थी। बेसिक सेलरी के अलावा उन्हें प्रतिमाह 21,970 रुपये महंगाई भत्ता के रूप में मिलने थे। इसके अलावा स्पेशल अलाउंस 20,000 रुपये, एचआरए 20,400 रुपये, स्पेशल हाउस रेंट अलाउंस 8,400 रुपये, स्पेशल अलाउंस 60 हजार रुपये के साथ 175 रुपये शिक्षा/ न्यूज पेपर भत्ता प्रतिमाह दिया जाना तय हुआ था। कुल मिलाकर धोनी की तनख्वाह 1,73,945 रुपये प्रतिमाह निर्धारित हुई थी। तब से लेकर अब तक धोनी इंडिया सीमेंट्स में वाइस प्रेसिडेंट के पद पर बने हुए हैं।
इस दस्तावेज को शेयर करते हुए मोदी ने लिखा, ऐसा लगता है कि ऐसा सिर्फ भारत में ही हो सकता है जहां बीसीसीआई के पूर्व मुखिया ने एक के बाद एक नियम को ताक पर रख दिया, ऐसा कैसे? मेरी समझ में नॉर्थ ब्लॉक के कारण ऐसा हुआ। लेकिन सबसे ज्यादा चौंकाने वाले धोनी का एम्पलॉयमेंट कॉन्ट्रैक्ट है क्योंकि वह साल में 100 करोड़ रुपये कमाते हैं बावजूद इसके वो श्रीनिवासन की कंपनी में नौकरी करने के लिए राजी हो गए। मैं इस बात की शर्त लगा सकता हूं कि ऐसे कई और कॉन्ट्रैक्ट होंगे।
It seems only in #india #contempt after contempt continues by the #old #guards of @bcci - How ? My best guess is #northblock. But most #puzzling is this #employment #contract of #MSD - WHY ? he earns 100's of crores a year will he #agree to be #SRINI'S #employee. bet there are many such contracts. 😳😳😳
A post shared by Lalit Modi (@lalitkmodi) on May 8, 2017 at 1:23am PDT
जन्मदिन के तोहफे के रूप में दिया था वाइस प्रेसिडेंट का पद
महेंद्र सिंह धोनी
- फोटो : SELF
भले ही धोनी को अपॉइन्टमेंट लेटर 29 मई 2012 को जारी किया गया था लेकिन बतौर वाइस प्रेसिडेंट उनका कार्यकाल 7 जुलाई, 2012 को शुरु होना था। सबसे रोचक बात यह है कि 7 जुलाई को धोनी का जन्मदिन होता है। संभवतः इंडिया सीमेन्ट्स में वाइस प्रेसिडेंट का पद जन्मदिन के तोहफे के रूप में श्रीनिवासन ने धोनी को दिया था।