कोलंबो टेस्ट के साथ ही कुमार संगकारा का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत से साथ छूट गया। श्रीलंका के विकेटकीपर बल्लेबाज संगकारा अपने विदाई समारोह में उस समय ‘स्टंप’ हो गए जब राष्ट्रपति मैत्रीपाला श्रीसेना ने उन्हें स्मृति चिन्ह देने के बाद ब्रिटेन में उच्चायुक्त के पद की पेशकश कर दी।
हालांकि संगकारा ने तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं की लेकिन उनके चेहरे पर आश्चर्यजनक खुशी थी। राष्ट्रपति ने कहा कि संगकारा हमारे देश के चर्चित चेहरे हैं और मुझे उन्हें ब्रिटेन में उच्चायुक्त के पद का प्रस्ताव देते हुए बड़ी खुशी हो रही है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे भी मौजूद थे।
मंगलवार को अपनी फेयरवेल स्पीच में संगकारा ने उन सभी का शुक्रिया अदा किया, जो उस वक्त स्टेडियम में मौजूद थे। संगकारा ने यह भी कहा कि भले ही श्रीलंका ये मैच हार गई हो, लेकिन विराट सहित भारतीय टीम ने इसे यादगार बना दिया।
टीम इंडिया दुनिया की सबसे ताकतवर टीमों में से एक है। माइक संभालते ही संगकारा बेहद भावुक हो गए। उन्होंने सबसे पहले अपने स्कूल प्रिंसिपल, कोच, परिवार, प्रशंसकों और फिर क्रिकेट टीम का इस समर्थन के लिए धन्यवाद किया।