इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने शुक्रवार को कोलकाता नाइटराइडर्स के सामने जीत के लिए 175 रन का लक्ष्य रखा था। इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 174 रन बनाए। राशिद खान ने 10 गेंदों पर 2 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 34 रन की बेहतरीन पारी खेली। इसके साथ भुवनेश्वर कुमार नाबाद 5 रन बनाकर डगआउट लौटे।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद ने एक अच्छी शुरुआत की। 56 रन के स्कोर पर हैदराबाद का सलामी बल्लेबाजी शिखर धवन के रूप में पहला विकेट गिरा। धवन को कुलदीप यादव ने आठवें ओवर की पहली गेंद पर LBW आउट किया। वह 24 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 34 रन बनाए। पहले विकेट के लिए साहा और धवन के बीच 56 रन की साझेदारी हुई। इसके कुछ ही देर के बाद इसी ओवर की पांचवी गेंद पर कुलदीप यादव ने हैदराबाद के कप्तान केन विलियमसन (3) को विकेटकीपर दिनेश कार्तिक के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया।
इसके बाद 11वें की तीसरी गेंद पर पीयूष चावला ने ओपनर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा को स्टंप आउट कराकर चलता किया। वह 27 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से 35 रन बनाए। यहां से शाकिब अल हसन और दीपक हूडा ने सनराइजर्स की पारी को संभाला ही था कि कुलदीप यादव की गेंद पर शाकिब (28) रन बनाकर रनआउट हो गए। चौथे विकेट के लिए दोनों बल्लेबाजों के बीच 29 रन की साझेदारी हुई।
वहीं, 17वें ओवर की पांचवी गेंद पर सुनील नरेन ने दीपक हूडा (19) को पीयूष चावला के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। इसके अलावा 18वें ओवर की पांचवी गेंद पर कार्लोस ब्रैथवेट 8 रन बनाकर रनआउट हुए। नितीश राणा ने गेंद को थ्रो करके विकेटकीपर दिनेश कार्तिक के हाथ में दिया और कार्तिक ने उन्हें रनआउट किया। इसके बाद 19वें ओवर में शिवम मावी ने यूसुफ पठान (3) को चावला के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। वहीं, कोलकाता की तरफ से कुलदीप यादव ने 2, जबकि चावला, नरेन और मावी ने संयुक्त रूप से 1-1 विकेट लिए।
इससे पहले कोलकाता नाइटराइडर्स के कप्तान दिनेश कार्तिक ने शुक्रवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आईपीएल 2018 के दूसरे क्वालीफायर में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। इस मुकाबले में दोनों टीमों में बदलाव किया गया था। कोलकाता नाइटराइडर्स ने अपनी टीमों में एक बदलाव किया था।
केकेआर के कप्तान दिनेश कार्तिक ने जावोन सीर्ल्स की जगह शिवम मावी को टीम में शामिल किया था। दूसरी तरफ सनराइजर्स हैदराबाद ने अपनी टीमों तीन बदलाव किया था। कप्तान केन विलियमसन ने दीपक हूडा, ऋद्धिमान साहा और खलील अहमद को टीम में शामिल किया था, जबकि मनीष पांडे, श्रीवत्स गोस्वामी और संदीप शर्मा को बाहर बैठना पड़ा। बता दें कि आईपीएल 2018 में एसआरएच की तरफ से खलील अहमद का डेव्यू मैच था।
टीमेंः-
कोलकाता नाइटराइडर्स: क्रिस लिन, सुनील नरेन, रॉबिन उथप्पा, आंद्रे रसेल, दिनेश कार्तिक (कप्तान), नितीश राणा, शुभमन गिल, शिवम मावी, प्रसिद्ध कृष्णा, पीयूष चावला, कुलदीप यादव।
सनराइजर्स हैदराबाद: शिखर धवन, ऋद्धिमान साहा, केन विलियमसन (कप्तान), दीपक हूडा, शाकिब अल हसन, कार्लोस ब्रैथवेट, यूसुफ पठान, राशिद खान, भुवनेश्वर कुमार, सिद्धार्थ कौल, खलील अहमद।