फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IPL 2019: विराट के शतक से बैंगलोर की दूसरी जीत, रोमांचक मैच में कोलकाता को 10 रन से हराया

Fri, 19 Apr 2019 11:46 PM IST
Rajeev Rai स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
विराट कोहली - फोटो : pti
विज्ञापन

विराट कोहली (100) की तूफानी शतकीय पारी की बदौलत बैंगलोर ने शु्क्रवार को इंडियन टी-20 लीग के 35वें मुकाबले में कोलकाता को 10 रन से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बैंगलोर ने निर्धारित 20 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर 213 रन बनाए। जवाब में कोलकाता ने 5 विकेट खोकर 203 रन ही बना सकी और मैच हार गई।

विज्ञापन


इस जीत के साथ बैंगलोर ने इस सीजन की दूसरी जीत दर्ज की। वहीं, कोलकाता को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा। बैंगलोर की तरफ से विराट ने 58 गेंदों में 9 चौके और 4 छक्के की मदद से 100 रन की धुआंधार पारी खेलकर IPL का पांचवां शतक लगाया। शानदार पारी खेलने के लिए कप्तान कोहली को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

आज के इस रोमांचक मुकाबले में कोलकाता की टीम लक्ष्य के नजदीक जरूर पहुंची, लेकिन जीत हासिल नहीं कर पाई। कोलकाता की तरफ से आंद्रे रसेल और नीतीश राणा ने तूफानी पारी खेली। रसेल ने 25 गेंदों में 2 चौके और 9 छक्के की मदद से 65 रन बनाए, जबिक राणा ने 46 गेंदों में 9 चौके और 5 छक्के की मदद से 85 रन की नाबाद पारी खेली। रसेल और राणा के बीच 118 रन की शतकीय साझेदारी हुई।
विज्ञापन


लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहले ओवर की आखिरी गेंद पर तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने क्रिस लिन को कप्तान कोहली के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। लिन के आउट होने के कुछ देर बाद कोलकाता को धाकड़ बल्लेबाज सुनील नरेन (18) के रूप में दूसरा झटका लगा। नरेन को नवदीप सैनी ने विकेटकीपर पार्थिव पटेल के हाथों कैच आउट कराकर डगआउट भेजा।

इसके बाद पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर डेल स्टेन कोलकाता को तीसरा झटका दिया। स्टेन ने युवा बल्लेबाज शुभमन गिल (9) को विराट के हाथों कैच आउट कराया। कोहली ने गिल का बेहतरीन कैच लपका। यहां से नीतीश राणा और रॉबिन उथप्पा ने पारी को संभालने की कोशिश की ,लेकिन 11.5 ओवर में मार्कस स्टोइनिस ने उथप्पा को पवन नेगी के हाथों कैच आउट कराकर कोलकाता को चौथा झटका दिया। चौथे विकेट के लिए दोनों बल्लेबाजों के बीच 46 रन की साझेदारी की।

इससे पहले बैंगलोर ने विराट कोहली (100) और मोइन अली की तूफानी पारियों की बदौलत शुक्रवार को इंडियन टी-20 लीग के 35वें मुकाबले में कोलकाता के सामने जीत के लिए 214 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बैंगलोर ने निर्धारित 20 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर 213 रन बनाए। विराट ने कप्तानी पारी खेलते हुए 58 गेंदों में 9 चौके और 4 छक्के की मदद से शानदार शतकीय पारी खेली। इसके साथ कोहली ने इंडियन टी-20 लीग में अपना पांचवा शतक पूरा किया।

विराट ने खेली तूफानी शतकीय पारी

विराट कोहली
बल्लेबाजी करने उतरी बैंगलोर ने सधी शुरुआत की। चौथे ओवर की दूसरी गेंद पर मेहमान टीम को पार्थिव पटेल (11) के रूप में पहला झटका लगा। सुनील नरेन ने पार्थिव को नीतीश राणा के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए अक्षदीप नाथ भी 13 रन बनाकर चलते बने। उन्हें आंद्रे रसेल ने उथप्पा के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। अक्षदीप के रूप में बैंगलोर को दूसरा झटका लगा।

यहां से मोइन और विराट ने पारी को संभाला और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 90 रनों की शानदार साझेदारी की। कुलदीप के16वें ओवर में 27 रन बटोरने के बाद आखिरी गेंद पर मोइन ने कुलदीप को विकेट थमा दिया। आउट होने से पहले मोइन ने मात्र 28 गेंदों में 5 चौके और 6 छक्के की मदद से 66 रनों की तूफानी पारी खेली।

इससे पहले कोलकाता के कप्तान दिनेश कार्तिक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। आज के इस मैच में मेजबान टीम कोलकाता ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, बैंगलोर ने अपनी टीम में दो बदलाव करते हुए एबी डीविलियर्स और उमेश यादव की जगह हेनरिच क्लासेन और डेल स्टेन को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है।

आठ में से सात मैच हारकर ‘अगर मगर’ के फेर में फंसी विराट कोहली की बैंगलोर को इंडियन टी-20 लीग में बने रहने के लिए आज हर हाल में कोलकाता को हराना होगा। कोलकाता लगातार तीन मैच हारकर अंकतालिका में दूसरे से छठे स्थान पर खिसक चुकी है लिहाजा बैंगलोर के पास जीतने का सुनहरा मौका है।
विज्ञापन

टीमें इस प्रकार हैंः

kkr vs rcb
प्लेआफ में पहुंचने के लिए कोलकाता को बाकी छह में से कम से कम चार मैच जीतने होंगे जिनमें से तीन उसे ईडन गार्डंस पर खेलने हैं। बैंगलोर के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और एबी डीविलियर्स ने अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन टीम एक ईकाई के रूप में अच्छा नहीं खेल सकी है। तेज गेंदबाजों ने निराश किया है। 

युवा नवदीप सैनी ने प्रभावी प्रदर्शन किया जबकि उमेश यादव फ्लाप रहे जिन्हें महज दो विकेट मिल सके। नाथन कोल्टर नाइल की चोट की वजह से दक्षिण अफ्रीका के डेल स्टेन टीम में आए हैं जिससे तेज आक्रमण मजबूत होने की उम्मीद है।

कोलकाता की तेज गेंदबाजी भी औसत ही रही है जबकि बल्लेबाजों की ऐशगाह ईडन की पिच पर उसके स्पिनर भी खास कमाल नहीं कर सके हैं।  सभी की नजरें कोलकाता के कप्तान दिनेश कार्तिक पर लगी होंगी जिन्हें युवा ऋषभ पंत पर तरजीह देकर विश्व कप टीम में शामिल किया गया। कार्तिक इस सत्र में 18.50 की औसत से रन बनाते हुए महज एक अर्धशतक लगा सके हैं।

टीमें इस प्रकार हैंः 

कोलकाता: क्रिस लिन, सुनील नरेन, नितीश राणा, रॉबिन उथप्पा, शुभमन गिल, दिनेश कार्तिक, आंद्रे रसेल, कुलदीप यादव, पियूष चावला, प्रसिद्ध कृष्णा और हैरी गर्नी।

बैंगलोर: पार्थिव पटेल, विराट कोहली, हेनरिच क्लासेन, मोईन अली, अक्षदीप नाथ, मार्कस स्टोइनिस, डेल स्टेन, युजवेंद्र चहल, पवन नेगी, डेल स्टेन और नवदीप सैनी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें