इससे पहले मुंबई इंडियंस ने बुधवार को आईपीएल 2018 के 41वें मुकाबले में कोलकाता नाइटराइडर्स के सामने जीत के लिए 211 रन का विशाल लक्ष्य रखा। कोलकात के ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में मुंबई ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 210 रन बनाए।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस को एविन लेविस (18) के रूप में पहला झटका लगा। छठे ओवर की चौथी गेंद पर पीयूष चावला ने लेविस को क्रिस लिन के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। पहले विकेट के लिए यादव और लेविस के बीच 46 रन की साझेदारी हुई। इसके बाद 9वें ओवर की अंतिम गेद पर एक बार फिर पीयूष चावला ने मुंबई के धाकड़ और सलामी बल्लेबाज सुर्यकुमार यादव को रिंकू सिंह के हाथों कैच आउट कराया। वह 32 गेंदों में 5 चौके और 1 छक्के की मदद से 36 रन बनाए।
यहां से रोहित शर्मा और इशान किशन ने मुंबई इंडियंस की पारी को संभाला और स्कोर को बड़े स्कोर की ओर ले ही जा रहे थे कि 15वें ओवर की चौथी गेंद पर सुनील नरेन ने तूफानी पारी खेलने वाले इशान किशन को रॉबिन उथप्पा के हाथों कैच आउट कराया। इशान ने 21 गेंदों में 5 चौके और 6 छक्कों की मदद से 62 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। 14वें ओवर में कुलदीप यादव की गेंद पर उन्होंने 4 गेंद पर लगातार चार छक्के लगाए।
तीसरे विकेट के लिए रोहित और इशान के बीच 82 रन की शानदार साझेदारी हुई। इशान किशन के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए हार्दिक पांड्या (19) को 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर टॉम करन ने रिंकू सिंह के हाथों कैच आउट कराया। इसके कुछ ही देर के बाद कप्तान रोहित शर्मा भी डगआउट लौटे। रोहित शर्मा (36) को प्रसिद्ध कृष्णा ने रॉबिन उथप्पा के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया।
इसके बाद आखिरी ओवर की पांचवी गेंद पर पीयूस चावला में बेन कटिंग को आंद्रे रसेल के हाथों कैच आउट कराया। वह 9 गेंदों में ताबड़तोड़ 24 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 1 चौके और 3 छक्के लगाए। कोलकाता की तरफ से पीयूष चावला ने सबसे ज्यादा 3 जबकि कृष्णा, करन और नरेन तीनों ने संयुक्त रूप से 1-1 विकेट लिए।
इससे पहले कोलकाता नाइटराइडर्स के कप्तान दिनेश कार्तिक ने बुधवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल 2018 के 41वें मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। इस मुकाबले में कोलकाला नाइटराइडर्स ने अपनी टीमों में दो बदलाव किए थे। केकेआर के कप्तान दिनेश कार्तिक ने शुभमन गिल की जगह रिंकू सिंह और मिचेल जॉनसन की जगह टॉम करन को टीम में शामिल किया था। वहीं, मुंबई इंडियंस ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया था।
टीमेंः-
कोलकाता नाइटराइडर्स: क्रिस लिन, सुनील नरेन, रॉबिन उथप्पा, नितीश राणा, दिनेश कार्तिक (कप्तान), रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, पीयूष चावला, टॉम करन, प्रसिद्धि कृष्णा और कुलदीप यादव।
मुंबई इंडियंस: सूर्यकुमार यादव, एविन लेविस, रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पंड्या, कृणाल पंड्या, जेपी डुमिनी, इशान किशन, बेन कटिंग, मिचेल मैक्लेनाघन, मयंक मार्कंडे और जसप्रीत बुमराह।