कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बीच छह अप्रैल को होने वाला आईपीएल 2025 का मुकाबला कोलकाता के ईडेन गार्डेंस पर ही खेला जाएगा। आईपीएल ने इस मुकाबले के आयोजन स्थल में कोई बदलाव नहीं किया है, लेकिन अब यह मैच छह अप्रैल के बजाए आठ अप्रैल को खेला जाएगा। दोनों टीमें कोलकाता में आठ अप्रैल को दोपहर 3.30 बजे मुकाबला खेला जाएगा।
आठ अप्रैल को होंगे दो मैच
केकेआर और लखनऊ के बीच आठ अप्रैल को मुकाबला होने का मतलब है कि अब छह अप्रैल यानी रविवार को आईपीएल में सिर्फ एक ही मैच होगा, जबकि आठ अप्रैल यानी मंगलवार को डबल हेडर खेला जाएगा। केकेआर और लखनऊ के बीच मैच दोपहर 3.30 बजे होगा और फिर शाम को 7.30 बजे से पंजाब किंग्स का सामना सीएसके से होगा।
ये भी पढ़ें: CSK vs RCB: धोनी ने विकेट के पीछे फिर अपनी तेजी से चौंकाया, बिजली की रफ्तार से सॉल्ट को किया स्टंप; वीडियो
किस कारण हुआ बदलाव?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शुक्रवार को केकेआर और लखनऊ के बीच मुकाबले को रिशेड्यूल करने का फैसला किया। बीसीसीआई ने बताया कि यह फैसला इसलिए लिया गया क्योंकि बंगाल क्रिकेट संघ (कैब) से कोलकाता पुलिस ने त्योहार का हवाला देते हुए छह अप्रैल को सुरक्षा मुहैया कराने में असहजता जताई थी। मालूम हो कि केकेआर और लखनऊ के बीच मुकाबले का कार्यक्रम पश्चिम बंगाल में राम नवमी को देखते हुए बदला गया है।
बीसीसीआई ने दी जानकारी
बीसीसीआई की प्रेस रिलीज में बताया गया, प्रशासन ने केकेआर और लखनऊ के बीच छह अप्रैल को होने वाले मैच को आठ अप्रैल को कराने का आवेदन किया था और उनकी मांग को स्वीकार कर लिया गया है। शेष कार्यक्रम पहले जैसा ही रहेगा। रविवार छह अप्रैल को अब एक ही मैच होगा और सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबला तय कार्यक्रम के अनुसार शाम 7.30 बजे खेला जाएगा। मंगलवार आठ अप्रैल को दो मुकाबले होंगे जिसमें पहला मैच केकेआर और लखनऊ के बीच कोलकाता में दोपहर 3.30 बजे खेला जाएगा। इसके बाद शाम को तय कार्यक्रम के अनुसार, शाम 7.30 बजे से पंजाब का सामना सीएसके से होगा।
केकेआर और लखनऊ के बीच मैच के कार्यक्रम में बदलाव की संभावना पिछले कुछ समय से जताई जा रही थी। पहले खबर आई थी कि दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला कोलकाता के बजाए गुवाहाटी में हो सकता है। कैब के अध्यक्ष स्नेहाशीष गांगुली ने भी इस बात की पुष्टि कर दी थी कि उन्होंने बीसीसीआई को मैच पुनर्निर्धारित करने के लिए कहा है। हालांकि, कोलकाता के प्रशंसकों के लिए राहत की बात यह है कि बीसीसीआई ने आयोजन स्थल में बदलाव नहीं किया है, बल्कि सिर्फ तारीख बदली गई है।