आईपीएल 2026 से पहले ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर शेन वॉटसन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से जुड़ गए हैं। केकेआर ने गुरुवार को बताया कि वॉटसन टीम में सहायक कोच की भूमिका निभाएंगे। ऑस्ट्रेलिया के लिए 59 टेस्ट, 190 वनडे और 58 टी20 अंतरराष्ट्रीय खेल चुके वॉटसन ने अंतरराष्ट्रीय करियर में 10000 से ज्यादा रन बनाए हैं। इसके अलावा तीनों प्रारूप मिलाकर 280 से ज्यादा विकेट लिए हैं।
राजस्थान-सीएसके का रहे हैं हिस्सा
वॉटसन ऑस्ट्रेलिया की 2007 और 2015 में विश्व कप जीतने वाली टीम का अहम हिस्सा थे। वह एक खिलाड़ी के रूप में 2008 से 2020 तक आईपीएल से भी जुड़े रहे। उन्होंने आईपीएल में 145 मैच खेले। वह राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स की चैंपियन टीमों का हिस्सा भी रहे। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद वॉटसन विश्व भर की टी20 लीग में कोचिंग और मेंटर की भूमिका में रह चुके हैं। केकेआर से जुड़ने के बाद वॉटसन ने कहा, मैं कोलकाता को एक और खिताब दिलाने के लिए कोचिंग समूह और खिलाड़ियों के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं।
केकेआर के सीईओ वेंकी मैसूर ने कहा, 'शेन वॉटसन का केकेआर परिवार में स्वागत करते हुए हमें बेहद खुशी हो रही है। एक खिलाड़ी और कोच के रूप में उनका अनुभव हमारी टीम की संस्कृति और तैयारी में बहुत योगदान देगा।' केकेआर ने इससे पहले अभिषेक नायर को टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया था। मुंबई के पूर्व ऑलराउंडर नायर का केकेआर के साथ लंबा अनुभव रहा है। आईपीएल 2025 में टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था और अब केकेआर की नजरें टीम को मजबूती देने पर टिकी हुई हैं। केकेआर की टीम 14 लीग मैचों में से केवल पांच जीत हासिल करने के बाद टीम प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने में असफल रही थी।