टीम इंडिया की श्रीलंका पर पहले टेस्ट में 304 रन की जीत के बाद कप्तान विराट कोहली राहत महसूस कर रहे हैं। दो साल पहले गॉल स्टेडियम पर ही टीम इंडिया को शिकस्त झेलना पड़ी थी और अब उसी मैदान पर जीत दर्ज करने से टीम इंडिया का विश्वास बढ़ा है। तीन मैचों की सीरीज में भारत 1-0 से आगे हो चुका है।
हालांकि, 28 वर्षीय कोहली की पहले टेस्ट में जीत दर्ज करने के बावजूद परेशानी खत्म नहीं हुई है। टीम इंडिया के दोनों ओपनर शिखर धवन व अभिनव मुकुंद ने क्रमशः पहली व दूसरी पारी में उम्दा प्रदर्शन किया। इसी के चलते कोहली की मुसीबतें बढ़ गई हैं क्योंकि दूसरे टेस्ट के लिए उनके नियमित ओपनर केएल राहुल फिट हो चुके हैं।
मैच के बाद कोहली ने स्वीकार किया, 'हमारे पास चार ओपनर हैं। मुरली विजय चोटिल हैं, लेकिन राहुल फिट होकर टीम में वापसी करने के लिए बेताब हैं। शिखर धवन मेलबर्न जाने वाले थे, लेकिन उन्होंने गॉल में 190 रन की बेहतरीन पारी खेली। इसलिए जिंदगी में कुछ भी हो सकता है। अब देखना होगा कि अगले तीन दिनों में हम क्या फैसला लेते हैं। राहुल फिट हो चुके हैं, लेकिन मुकुंद ने दूसरी पारी में अच्छा खेला।'