इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में 29 गेंद पर 40 रन की तेज पारी खेलने वाले राहुल को लगभग हर गेंद पर छक्के लगाने का अभ्यास करते हुए देखा गया। पांचवें या छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए तैयार राहुल की भूमिका अंतिम ओवरों में महत्वपूर्ण होगी जहां उन्हें शुरू से ही पारी को गति देने की जरूरत पड़ सकती है और उन्हें रेंज हिटिंग का अभ्यास करते हुए देखा जा सकता था।
भारतीय बल्लेबाजी के मुख्य आधार विराट कोहली ने भी अपने कौशल को निखारने में समय बिताया। वह गेंद को बल्ले के बीच से और देर से खेलने की कोशिश करते हुए आत्मविश्वास से भरे दिखे। हालांकि रविवार को ट्रेनिंग के दौरान हार्दिक पांड्या के शॉट पर घुटने पर चोट लगने के बाद ऋषभ पंत संघर्ष करते हुए दिखाई दिए। उन्हें थोड़ा लंगड़ाते हुए देखा गया। उन्होंने विकेटकीपिंग और क्षेत्ररक्षण अभ्यास नहीं किया और जब वह बल्लेबाजी करने आए तो लय में भी नहीं दिखे।
सत्र की शुरुआत तीन टीम के बीच डायरेक्ट हिट प्रतियोगिता से हुई। रोहित की अगुआई वाली टीम तीन में पांड्या, अर्शदीप सिंह, रवींद्र जडेजा और श्रेयस थे। भारतीय कप्तान के निर्णायक थ्रो के बाद टीम विजयी हुई। टीम एक में गिल, मोहम्मद शमी, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और वाशिंगटन सुंदर, जबकि टीम दो में कुलदीप यादव, राहुल, हर्षित राणा और कोहली शामिल थे।