भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज लोकेश राहुल चोट से वापसी कर चुके हैं। वह एशिया कप के सुपर चार मुकाबलों में खेलने के लिए तैयार हैं। ईशान किशन के अच्छे प्रदर्शन के बाद प्लेइंग 11 में राहुल की जगह पक्की नहीं है, लेकिन वह पूरी तरह से फिट हो चुके हैं और मौका मिलने पर कमाल करने के लिए तैयार हैं। राहुल ने बीसीसीआई के लिए एक वीडियो में बताया है कि कैसे आईपीएल 2023 में चोटिल होने के बाद बीसीसीआई ने उनकी मदद की और वह समय से पहले वापसी कर सकते थे, लेकिन छोटी सी चोट ने उनकी वापसी में देरी करा दी। हालांकि, वह अब पूरी तरह से फिट होकर वापस लौटे हैं और कमाल करने के लिए तैयार हैं।
आईपीएल 2023 में लखनऊ सुपर जाएंट्स के कप्तान लोकेश राहुल फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गए थे। सभी ने दुआ की कि उनकी चोट गहरी न हो और वह एक या दो सप्ताह में वापसी कर पाएं। हालांकि, स्कैन देखने के बाद फिजियो ने साफ कर दिया कि राहुल के पास सर्जरी कराने के अलावा कोई चारा नहीं है। ऐसे में बीसीसीआई ने उनकी मदद की और सबसे बेहतरीन सर्जन में से एक ने उनकी सर्जरी की। इसके बाद राहुल मैदान पर आने के लिए बेताब नहीं थे। वह अपने शरीर को समय देना चाहते थे और उन्हें पता था कि विश्व कप में उन्हें विकेटकीपिंग भी करनी है। इसलिए वह खुद को पूरी तरह से फिट रखना चाहते थे।
सर्जरी के बाद पूरी तरह से फिट होने के बाद वह एनसीए पहुंचे और यहां सही तरीके से उनकी ट्रेनिंग कराई गई। राहुल मैच फिट हो गए, उन्होंने बल्लेबाजी के अलावा विकेटकीपिंग की भी ट्रेनिंग की। वह एशिया कप से पहले फिट हो चुके थे और मैदान में वापसी के लिए तैयार थे, लेकिन एक छोटी से चोट ने उनकी परेशानी बढ़ा दी और वह एशिया कप के शुरुआती दो मुकाबलों में चनय के लिए उपलब्ध नहीं थे। अब राहुल पूरी तरह से फिट हैं और मौका मिलने पर कमाल करने के लिए तैयार हैं।
राहुल का वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें
राहुल ने अपनी वापसी को लेकर कहा “दुर्भाग्य से वपासी की प्रक्रिया में, टीम में वापस आने से ठीक पहले मुझे एक छोटी सी परेशानी हो गई, जो एक बड़ी गिरावट थी। मैं वास्तव में तय समय से पहले फिट हो चुका था, और मुझे लगा कि मैं एशिया कप से काफी पहले वापस आ सकता हूं और खुद को बहुत समय दे सकता हूं और खुद को अच्छी तरह से तैयार कर सकता हूं।”
उन्होंने आगे कहा कि उनकी चोट से उबरने के दौरान उतार-चढ़ाव आए, उन्होंने कहा कि वह मानसिक रूप से तैयार थे और इससे उन्हें उन मुश्किलों से उबरने में मदद मिली। राहुल की अनुपस्थिति में, ईशान किशन ने एशिया कप के ग्रुप चरण में पाकिस्तान के खिलाफ दबाव में 81 गेंदों में 82 रन बनाए।
31 वर्षीय राहुल ने कहा कि वह टीम में वापस आकर खुश हैं और 100 ओवर (50 ओवर विकेटकीपिंग और 50 ओवर बल्लेबाजी) क्रिकेट खेलने के लिए तैयार हैं, उन्होंने कहा कि वह आश्वस्त हैं और उन्होंने अपनी वापसी के लिए अच्छी तैयारी की है। राहुल हाल के दिनों में भारत के लिए मध्यक्रम में लगातार प्रदर्शन करने वाले बल्लेबाजों में से एक रहे हैं, उन्होंने 17 मैचों में पांचवें नंबर पर खेलते हुए 735 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और सात अर्द्धशतक शामिल हैं।
राहुल ने कहा “मैं टीम में वापस आकर, 100 ओवर खेलने के लिए, 50 ओवर तक कीपिंग करने की लय पाकर खुश हूं। क्रिकेट के मैदान पर वापस आने के लिए मैं तब तक लड़ता रहूंगा जब तक जरूरत होगी। हम विश्व कप से पहले सर्वश्रेष्ठ टूर्नामेंट खेल रहे हैं। हम अगले सप्ताह, 10 दिनों में कुछ अच्छी टीमों से खेलेंगे। इसलिए मैं इसे लेकर बहुत उत्साहित हूं। मैंने वास्तव में अच्छी तैयारी की है। मैं अपने बारे में आश्वस्त हूं।''
2023 एशिया कप टूर्नामेंट के दूसरे चरण में पहुंच गया है, जिसमें श्रीलंका, बांग्लादेश, भारत और पाकिस्तान सुपर-4 चरण में हैं। प्रत्येक टीम राउंड-रॉबिन प्रारूप में एक-दूसरे से भिड़ेगी और शीर्ष दो टीमें 17 सितंबर को कोलंबो में फाइनल में आमने-सामने होंगी।