दिल्ली कैपिटल्स ने केएल राहुल और अभिषेक पोरेल के अर्धशतकों से लखनऊ सुपर जाएंट्स को आठ विकेट से हराया। लखनऊ ने इकाना स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में एडेन मार्करम के अर्धशतक के दम पर 20 ओवर में छह विकेट पर 159 रन बनाए, जवाब में दिल्ली ने 17.5 ओवर में दो विकेट पर 161 रन बनाकर मैच जीत लिया। दिल्ली के लिए राहुल ने 42 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 57 रन बनाए।
5000 रन पूरे करने वाले आठवें बल्लेबाज
केएल राहुल ने इसके साथ ही आईपीएल में 5000 रन भी पूरे कर लिए। वह सबसे कम पारियों में ऐसा करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। राहुल ने 130 पारियों में यह उपलब्धि पूरी की और डेविड वॉर्नर को पीछे छोड़ दिया। वॉर्नर ने 135 पारियों में आईपीएल में 5000 रन पूरे किए थे। वॉर्नर ने 2020 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ यह उपलब्धि नाम दर्ज की थी। इस सूची में तीसरे स्थान पर विराट कोहली हैं जिन्होंने 157 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी, जबकि एबी डिविलियर्स 161 और शिखर धवन 168 पारियों के साथ क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर हैं। राहुल आईपीएल इतिहास में आठवें बल्लेबाज हैं जिन्होंने इस टूर्नामेंट में 5000 रन बनाए हैं। राहुल के अलावा कोहली, रोहित शर्मा, धवन, वॉर्नर, सुरेश रैना, महेंद्र सिंह धोनी और डिविलियर्स ऐसा कर चुके हैं।
ये भी पढ़ें: Pahalgam Terror Attack: पहलगाम आतंकी हमले पर खेल जगत में भी आक्रोश, गौतम गंभीर बोले- भारत करेगा पलटवार