इस हमले को लेकर जहां देशभर में आक्रोश है तो वहीं खेल जगत के लोगों ने भी अपना रोष जताया है। भारतीय टीम के मुख्य कोच गंभीर ने एक्स पर लिखा, मृतकों के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। इसके लिए जिम्मेदार लोगों को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। भारत जोरदार पलटवार करेगा।
रैना ने न्याय की उम्मीद जताई
भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर सुरेश रैना ने एक्स पर लिखा, कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले से मन व्यथित है। मैं पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादियों द्वारा किए गए इस कायराना कृत्य की कड़ी निंदा करता हूं। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत अपनी बहादुर सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अर्धसैनिक बलों के साथ एकजुट है। न्याय की जीत होगी।
सहवाग-धवन ने घायलों के स्वस्थ होने की कामना की
भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने लिखा, 'पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों पर हुए निंदनीय आतंकवादी हमले की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। मेरी संवेदना उन लोगों के साथ है जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। घायलों के लिए प्रार्थना करता हूं।' शिखर धवन ने लिखा, पहलगाम में हुए भयानक आतंकी हमले से मैं बहुत दुखी और स्तब्ध हूं। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। न्याय अवश्य मिलेगा। कृपया सुरक्षित रहें।