दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन टेस्ट में भारत के ओपनिंग बल्लेबाज लोकेश राहुल ने बेहतरीन शतक लगाया है। राहुल ने मैच के पहले दिन नाबाद 122 रन बनाए हैं। वो भारत के दूसरे सलामी बल्लेबाज हैं, जिन्होंने एशिया के बाहर जाकर टेस्ट मैच के पहले दिन शतक लगाया है। उनसे पहले मुरली विजय ने 2014 इंग्लैंड में यह कारनामा किया था। विजय ने ट्रेंट बिज के मैदान पर पहले दिन नाबाद 122 रन बनाए थे। अजब संयोग यह है कि राहुल ने अफ्रीका के खिलाफ पहले दिन नाबाद 122 रन ही बनाए हैं। हालांकि विजय इस पारी में 146 रन बनाकर आउट हो गए थे। भारत चाहेगा कि राहुल इससे बड़ी पारी खेलें और अपनी टीम को और भी बेहतर स्थिति में ले जाएं।
राहुल ने अपनी इस शतकीय पारी में कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। उनके शतक की बदौलत भारत ने पहले दिन तीन विकेट खोकर 272 रन बनाए हैं। इस मैच में भारत बहुत ही अच्छी स्थिति में बना हुआ है और पहली बार सेंचुरियन के मैदान में अफ्रीकी टीम को हरा सकता है।
अफ्रीका में 15 साल बाद भारतीय ओपनर का शतक
दक्षिण अफ्रीका में 15 साल बाद किसी भारतीय ओपनर ने शतक लगाया है। इससे पहले वसीम जाफर ने 2007 में केपटाउन के मैदान में 116 रन की पारी खेली थी। इस पारी में शतक लगाने के साथ ही राहुल 10वें भारतीय बल्लेबाज भी बन गए हैं, जिन्होंने अफ्रीकी धरती में शतक लगाया है। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, प्रवीण आमरे, मोहम्मद अजहरुद्दीन, राहुल द्रविड़, वसीम जाफर, कपिल देव, चेतेश्वर पुजारा और वीरेन्द्र सहवाग का नाम शामिल है। हालांकि सचिन ने यहां पांच और विराट ने दो शतक लगाए हैं। इनके अलावा बाकी सभी बल्लेबाज सिर्फ एक बार ही शतकीय पारी खेल पाए हैं।
सचिन की राह पर राहुल
लोकेश राहुल ने अब तक जिन टीमों के खिलाफ मैच खेला है, उसके खिलाफ कम से कम एक शतक जरूर लगाया है। इस मामले में राहुल सचिन तेंदुलकर की राह पर चल रहे हैं। सचिन ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने सभी टीमों के खिलाफ शतक लगाया है और वो 100 शतक लगाने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं।