भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। राहुल को छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा गया। उन्होंने अब तक दो मैचों में दो और 10 रन बनाए हैं। राहुल आदिल राशिद की गेंद पर संघर्ष कर रहे हैं। राहुल के हालिया प्रदर्शन को लेकर पूर्व चयनकर्ता ने मुख्य कोच गौतम गंभीर की रणनीति पर सवाल उठाए हैं।
राहुल पर स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर को मिली तरजीह
केएल राहुल आमतौर पर पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरते हैं। वह वनडे विश्व कप 2023 में शानदार फॉर्म में थे और उन्होंने 11 मैचों में 75.33 के औसत से 452 रन बनाए थे। हालांकि, जब से गंभीर ने जिम्मा संभाला है, तब से राहुल थोड़े निचले क्रम में उतर रहे हैं और स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर को उनसे पहले उतारा जा रहा है। श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में वॉशिंगटन सुंदर राहुल से आगे उतरे थे, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में अक्षर पटेल राहुल से पहले बल्लेबाजी के लिए आए।
एक पूर्व चयनकर्ता ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया, गौतम हमेशा टीम की जरूरतों को देखते हैं और उन्हें राहुल नंबर छह पर उपयुक्त लगता है क्योंकि इससे उन्हें बाएं-दाएं हाथ के बल्लेबाजों के संयोजन को बरकरार रखने में मदद मिलती है। अक्षर ने पांचवें नंबर पर रन बनाए हैं और इससे ऋषभ पंत मुश्किल स्थिति में आ गए हैं। अगर वे इस बल्लेबाजी संयोजन पर विचार कर रहे हैं तो पंत को शामिल करना मुश्किल होगा।
अक्षर को पांचवें नंबर पर भेजने से भारत को हुआ फायदा
केएल राहुल को नीचे उतारना भले ही बल्लेबाज के लिए बेहतर नहीं है, लेकिन भारतीय टीम को इससे फायदा हुआ है। अक्षर पटेल ने दोनों मैचों में अच्छी पारियां खेली हैं और भारत को इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में जीत दिलाने में भूमिका निभाई है। यह अलग बात है कि अभी कोई नहीं जानता कि अगर भारत 20 रन पर तीन विकेट गंवा देता है तो उस दिन अक्षर ऐसी स्थिति में भेजे जाने के लिए उचित बल्लेबाज हैं। अक्षर ने शुरुआती दो मैच में 52 और नाबाद 41 रन बनाए लेकिन वह ऐसे समय पर बल्लेबाजी करने उतरे जब भारत जीत की ओर बढ़ रहा था। तो राहुल को केवल चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में ही बल्लेबाजी क्रम में ऊपर क्यों भेजा जाए और उन्हें अक्षर की तरह कुछ आसान रन बनाने का मौका क्यों नहीं दिया गया?
शास्त्री ने भी किए थे सवाल
वहीं, कमेंट्री पर रहे रवि शास्त्री गेंदबाजी ऑलराउंडर अक्षर पटेल की जगह राहुल जैसे शीर्ष क्रम के विशेषज्ञ बल्लेबाज को छठे नंबर पर उतारने को लेकर अपनी भावनाओं को जाहिर करने से खुद को नहीं रोक पाए थे। भारतीय क्रिकेट में कई लोगों ने शास्त्री की भावनाओं को साझा किया और यह भी आश्चर्य व्यक्त किया कि अगर प्रबंधन राहुल से ऊपर अक्षर को भेजने के लिए बाएं और दाएं हाथ के बल्लेबाजी संयोजन के फॉर्मूले पर अड़ा रहता है तो पंत जैसे विस्फोटक खिलाड़ी का क्या होगा। शास्त्री ने कहा, भारत अगले मैच और चैंपियंस ट्रॉफी में टीम के संयोजन के बारे में सोच रहा होगा। ऋषभ पंत बेंच पर बैठे हैं। कुछ सवालों के जवाब देने होंगे।