फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ODI WC: विश्व कप में चौथे नंबर पर खेलेंगे कोहली! राहुल-अय्यर की चोट बनी परेशानी; समझें क्या है प्रयोग की वजह

Sat, 05 Aug 2023 04:38 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

लोकेश राहुल और श्रेयस अय्यर की चोट ने भारतीय खेमे की चिंता बढ़ा दी है। वनडे विश्व कप की शुरुआत में सिर्फ दो महीने का समय बचा है, लेकिन दोनों खिलाड़ी अब तक पूरी तरह से फिट नहीं हुए हैं। 
विज्ञापन
विराट कोहली, राहुल-श्रेयस - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज में विराट कोहली और रोहित शर्मा सिर्फ एक मैच खेले। इसमें भी कोहली ने बल्लेबाजी नहीं की, जबकि रोहित सातवें नंबर पर बैटिंग करने आए। दूसरे और तीसरे मैच में ये दोनों दिग्गज टीम से बाहर थे। दूसरे वनडे में भारत को शर्मनाक हार झेलनी पड़ी और प्रयोग के लिए कोच द्रविड़ की जमकर आलोचना हुई, लेकिन तीसरे मैच में भी ये दोनों टीम से बाहर रहे। अब खबरें आ रही हैं कि लोकेश राहुल और श्रेयस अय्यर पूरी तरह से फिट नहीं हो पाए हैं और एशिया कप में दोनों का खेलना मुश्किल है। ऐसे में राहुल द्रविड़ के प्रयोग की वजह समझी जा सकती है। 
विज्ञापन


भारतीय वनडे टीम में श्रेयस अय्यर ने चौथे नंबर पर अपनी जगह पक्की कर ली है और पांचवें नंबर पर विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में लोकेश राहुल टीम मैनेजमेंट की पहली पसंद हैं। इसके बाद हार्दिक और जडेजा फिनिशर की जिम्मेदारी संभालेंगे। हालांकि, राहुल और अय्यर दोनों आईपीएल 2023 में अधिकतर मैच नहीं खेले थे। राहुल ने जांघ की सर्जरी कराई और श्रेयस अय्यर को पीठ की सर्जरी करानी पड़ी। सर्जरी के बाद इन दोनों खिलाड़ियों के विश्व कप से पहले फिट होने की उम्मीद थी, लेकिन अब इसमें संशय के बादल मंडरा रहे हैं। 

राहुल और श्रेयस ने सर्जरी के बाद नेट्स में बल्लेबाजी का अभ्यास शुरू कर दिया है। हाल ही में राहुल का विकेटकीपिंग का अभ्यास करते हुए वीडियो भी सामने आया था, लेकिन मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि राहुल अभी भी 50 ओवर के मैच में विकेटकीपिंग करने और बल्लेबाजी करने के लिए फिट नहीं हैं। उन्हें अपने पैर की मजबूती पर थोड़ा और काम करना होगा। 
विज्ञापन


बीसीसीआई इन दोनों खिलाड़ियों की वापसी को लेकर जल्दीबाजी नहीं करना चाहता, लेकिन विश्व कप में सिर्फ दो महीने बचे हैं। ऐसे में विश्व कप से पहले इन दोनों खिलाड़ियों को कुछ मैच खेलने जरूरी होंगे, ताकि दोनों की फॉर्म का अंदाजा लगाया जा सके। बीसीसीआई को उम्मीद है कि दोनों खिलाड़ी समय रहते फिट होंगे और टीम इंडिया पूरे संतुलन के साथ विश्व कप में उतरेगी। हालांकि, बीसीसीआई मुश्किल हालातों के लिए भी तैयारी कर रहा है। इसी वजह से कोच द्रविड़ ने वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में कई प्रयोग किए। 

विश्व कप के लिए राहुल और अय्यर के फिट नहीं होने पर गिल और कोहली के बल्लेबाजी क्रम में बदलाव हो सकता है। वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में ईशान किशन ने विकेटकीपिंग की। इससे यह साफ है कि राहुल के नहीं खेलने पर किशन ही विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे और किशन बतौर ओपनर ही अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखा पाते हैं। मध्यक्रम में वह कुछ खास नहीं कर पाए हैं। ऐसे में किशन और रोहित विश्व कप में भी ओपनिंग कर सकते हैं, क्योंकि ये दोनों आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए भी ओपनिंग करते रहे हैं।

शुभमन गिल ने कुछ समय पहले ही कहा था कि वह तीसरे नंबर पर खेलना पसंद करते हैं और उन्हें इस क्रम पर मौका दिया जा सकता है। कोहली डेढ़ दशक से तीसरे नंबर पर खेल रहे हैं, लेकिन हालात को देखते हुए वह चौथे नंबर पर खेल सकते हैं। वहीं, पांचवें नंबर पर हार्दिक पांड्या और छठे नंबर पर सूर्यकुमार यादव या संजू सैमसन को मौका दिया जा सकता है। सातवें नंबर पर रवींद्र जडेजा और इसके बाद गेंदबाज खेल सकते हैं। हालांकि, बीसीसीआई या भारतीय टीम मैनेजमेंट की तरफ से इस बारे में कोई बयान नहीं आया है और उम्मीद की जा रही है कि राहुल और श्रेयस समय रहते पूरी फिटनेस हासिल कर लेंगे और विश्व कप से फॉर्म हासिल कर इस टूर्नामेंट में खेलेंगे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें