कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के कप्तान गौतम गंभीर ने कहा कि उनकी टीम आईपीएल-6 में ऊंचे मनोबल के साथ उतरेगी।
अपनी कप्तानी में केकेआर को पिछले साल आईपीएल विजेता बनाने वाले दिल्ली के गंभीर ने कहा कि उनकी टीम का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर है।
गंभीर ने कहा, 'इस बार हमारी टीम पर कोई दबाव नहीं है क्योंकि हम पिछले चैंपियन के रूप में उतरेंगे। हमारे अंदर गत चैंपियन का विश्वास रहेगा और मुझे पूरा यकीन है कि हमारे खिलाड़ी आक्रामक क्रिकेट खेलेंगे।'
टीम इंडिया से बाहर चल रहे बाएं हाथ के ओपनर गंभीर ने साथ ही कहा, 'मैं यह जरूर मानता हूं कि कप्तान की भूमिका दबाव वाली होती है लेकिन आपको दबाव से निपटना आना चाहिए। यदि मैं दबाव से नहीं निपट सकता तो मैं कतई कप्तानी नहीं संभालता।'
गंभीर ने कहा, मैं ही नहीं टीम के यूसुफ पठान, मानविंदर बिसला और मनोज तिवारी जैसे खिलाड़ियों पर भी कोई दबाव नहीं होगा क्योंकि अब उनके अंदर चैंपियन होने की भावना मौजूद होगी।
मालूम हो कि पीलिया से पीड़ित गंभीर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दिल्ली में हुए चौथे और अंतिम टेस्ट में टीम का हिस्सा नहीं बन पाए थे। गंभीर ने कहा कि वह अब पूरी तरह फिट हैं और आईपीएल में उतरने का इंतजार कर रहे हैं।
टीम इंडिया में अपनी वापसी के लिए गंभीर ने एक बार फिर कहा, 'मुझे इस मामले में किसी की सुहानूभूति की जरूरत नहीं है। चयनकर्ताओं का काम टीम को चुनना है और मेरा काम प्रदर्शन करने का है चाहे मै जिस स्तर भी खेलूं। मेरा काम रन बनाना रहेगा और मुझे इसी पर अपना ध्यान केंद्रित करना है।'
अपने स्कूली दिनों को याद करते हुए गंभीर ने कहा, 'मैं भाग्यशाली था कि मुझे स्कूल में अच्छी सुविधाएं और कोच मिले थे जिसका मैं आज भी शुक्रगुजार हूं। इन सुविधाओं की बदौलत ही मैं यहां तक पहुंच पाया हूं। मेरा मानना है कि स्कूल स्तर पर किसी भी खेल में तमाम सुविधाएं मिलनी चाहिए तभी आप इस क्षेत्र में आगे बढ़ पाएंगे।