राजस्थान रॉयल्स के युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल ने कोलकाता नाइटराइजर्स के खिलाफ आईपीएल के 56वें मैच में बड़ा रिकॉर्ड बनाया। वह आईपीएल के इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए। यशस्वी ने इस मामले में लखनऊ सुपर जाएंट्स के कप्तान केएल राहुल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यशस्वी ने 13 गेंद पर ही अर्धशतक लगा दिया। वहीं, राहुल ने इसके लिए 14 गेंदों का सामना किया था।
कोलकाता ने राजस्थान को 150 रन का लक्ष्य दिया। यशस्वी ने जोस बटलर के साथ राजस्थान की पारी की शुरुआत की। उन्होंने पहले ही ओवर में कोलकाता नाइटराइडर्स के कप्तान नीतीश राणा की गेंदों पर 26 रन बनाए। इस दौरान यशस्वी ने तीन चौके और दो छक्के लगाए। उन्होंने तीसरे ओवर में अपना अर्धशतक पूरा किया। यशस्वी इस सीजन में एक शतक भी लगा चुके हैं।
केएल राहुल
- फोटो : social media
बराबरी पर हैं राहुल और कमिंस
केएल राहुल की बात करें तो उन्होंने 2018 में किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के लिए खेलते हुए दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मोहाली में 14 गेंद पर अर्धशतक लगाया था। कोलकाता नाइटराइडर्स के पूर्व खिलाड़ी पैट कमिंस ने भी 14 गेंद पर अर्धशतक लगाया था। उन्होंने 2022 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ कोलकाता के लिए 14 गेंद पर ही पचास रन का आंकड़ा छू लिया था।
यशस्वी जायसवाल
- फोटो : IPL/BCCI
राजस्थान ने की कोलकाता की बराबरी
यशस्वी ने नीतीश राणा के पहले ओवर में 26 रन बनाए तो राजस्थान ने आईपीएल में एक रिकॉर्ड बना लिया। वह पहले ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली दूसरी टीम बन गई। उसने इस मामले में कोलकाता नाइटराइडर्स की बराबरी कर ली। कोलकाता ने ईडन गार्डन्स में ही मुंबई इंडियंस के खिलाफ 2013 में 26 रन बनाए थे। उस ओवर में एक रन एक्स्ट्रा भी मिला था। राजस्थान को एक भी रन एक्स्ट्रा में नहीं मिला। एक ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के नाम दर्ज है। उसने चेन्नई में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 2011 में 27 रन बनाए थे। इसमें सात रन एक्स्ट्रा के रूप में मिले थे।
मैच में क्या हुआ?
यशस्वी जायसवाल
- फोटो : सोशल मीडिया
राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। कोलकाता ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 149 रन बनाए। जवाब में राजस्थान ने 13.1 ओवर में एक विकेट पर 151 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया। उसके लिए यशस्वी जायसवाल ने नाबाद 98 और कप्तान संजू सैमसन ने नाबाद 48 रन बनाए। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 121 रन की साझेदारी की। टीम को एकमात्र झटका जोस बटलर के रूप में लगा। वह खाता खोले बगैर ही दूसरे ओवर में रन आउट हो गए थे।