कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने भले ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को रोमांचक मुकाबले में एक रन से हराकर अपनी पांचवीं जीत दर्ज की, लेकिन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के लिए यह मैच सांसें रोक देने वाला था। 36 साल के आरसीबी के गेंदबाजी ऑलराउंडर करन शर्मा ने अंतिम ओवर में स्टार्क पर तीन छक्के जड़े और वह आरसीबी को जीत के करीब ले आए, लेकिन स्टार्क ने अपनी ही गेंद पर करन का कैच पकड़कर आरसीबी से जीती हुई बाजी छीन ली।
मैच में क्या हुआ?
केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 222 रन बनाए थे। जवाब में आरसीबी को अंतिम गेंद पर तीन रन बनाने थे, लेकिन टीम एक रन ही बना सकी और उसे हार का सामना करना पड़ा। आरसीबी विल जैक्स और रजत पाटीदार के बीच हुई शतकीय साझेदारी और करन शर्मा के अंतिम ओवर में किए गए बेहतरीन प्रदर्शन के बावजूद 20 ओवर में 221 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
आखिरी ओवर का रोमांच
आरसीबी को आखिरी छह गेंदों पर जीत के लिए 21 रनों की जरूरत थी और उसके दो विकेट शेष थे। 19 ओवर की समाप्ति के बाद आरसीबी का स्कोर आठ विकेट पर 202 रन था और दिनेश कार्तिक के रूप में टीम आखिरी पूर्णकालिक बल्लेबाज का विकेट गंवा चुकी थी। श्रेयस अय्यर ने अंतिम ओवर डालने मिचेल स्टार्क को भेजा जो आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। केकेआर ने उन्हें मौजूदा सीजन के लिए पिछले साल दुबई में हुई खिलाड़ियों की नीलामी में 24.75 करोड़ रुपये में खरीदा था। करन ने अंतिम ओवर की पहली गेंद पर छक्का जड़कर अपने इरादे जाहिर कर दिए। अगली गेंद उनके बल्ले से छू कर विकेट के पीछे फिल सॉल्ट के हाथों में गई। अंपायर ने नॉटआउट दिया और केकेआर ने रिव्यू लिया। हालांकि गेंद सॉल्ट के हाथों में आने से पहले मैदान से टकरा गई थी। करन ने फिर तीसरी और चौथी गेंद को छक्के के लिए भेजा। दिलचस्प बात यह है कि करन ने इससे पहले अंतिम बार 2017 में कोई बाउंड्री लगाई थी। करन की दमदार बल्लेबाजी से आरसीबी को दो गेंदों पर तीन रनों की जरूरत थी। करन ने फिर शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद नीचे रह गई और स्टार्क के हाथों में चली गई। करन सात गेंदों पर 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे। आरसीबी को अब अंतिम गेंद पर तीन रनों की जरूरत थी और लॉकी फर्ग्यूसन शॉट खेलकर एक रन पूरा करने के बाद दो रन के लिए भागे, लेकिन रन आउट हो गए।
सिर्फ 50 लाख रुपये में बिके थे करन
आरसीबी ने करन को 2022 में हुई मेगा नीलामी में 50 लाख रुपये में खरीदा था। इस स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर ने 2013 में आईपीएल में डेब्यू किया था। वह उस सीजन सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेले थे और अपने पहले ही सीजन में 11 विकेट लेने में सफल रहे थे। करन 2014 में 15 विकेटों के साथ आईपीएल के उस सीजन में दूसरे सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। 2015 सीजन में भी करन ने अच्छी गेंदबाजी की थी। करन के आईपीएल करियर की बात करें तो उन्होंने 77 मैचों में 119.79 के स्ट्राइक रेट से 339 रन बनाए हैं और उनका सर्वाधिक निजी स्कोर नाबाद 39 रन रहा है। वहीं, गेंदबाजी में करन ने 8.18 की इकॉनोमी से 70 विकेट लिए हैं।