पहले 10 ओवर में सिर्फ गुरबाज ने लगाईं बाउंड्री
फाफ डु प्लेसिस ने टॉस जीतकर गेंदबाजी को चुना। उनका यह फैसला सही साबित हुआ। चोटिल रीस टॉप्ले की जगह पर खेल रहे डेविड विली ने चौथे ओवर में वेंकटेश अय्यर (3) और मंदीप सिंह (0) को लगातार दो गेंदों पर बोल्ड कर दिया। अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज एक छोर से रन बना रहे। उनकी बदौलत पावरप्ले में कोलकाता का स्कोर दो विकेट पर 47 रन था। सातवें ओवर की पहली ही गेंद पर माइकल ब्रेसवेल ने कप्तान नितीश राणा (1) को भी चलता किया। कोलकाता ने 10 ओवर में 79 रन बनाए थे, जिसमें 54 रन गुरबाज के थे। उन्होंने 38 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया, जिसमें छह चौके और तीन छक्के थे। 10.5 ओवर तक सिर्फ गुरबाज ने कोलकाता के लिए बाउंड्री लगाई। 11वें ओवर की अंतिम गेंद पर रिंकू सिंह ने चौका लगाया और बाउंड्री लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने। इस दौरान आरसीबी के गेंदबाजों 16 अतिरिक्त रन भी दिए, जो इस आईपीएल में सर्वाधिक हैं।
शार्दुल ने कोलकाता की कराई वापसी
गुरबाज को 57 रन पर कर्ण शर्मा ने आउट किया। अगली ही गेंद पर उन्होंने आंद्रे रसेल का सबसे बड़ा विकेट लिया। 12 ओवर में कोलकाता का स्कोर पांच विकेट पर 94 रन था। यहां से शार्दुल ठाकुर ने आकर पारी का रुख पलट दिया। उन्होंने आकाशीप के 13वें ओवर में एक छक्का और दो चौके लगाकर 19 रन बटारे। 15वें ब्रेसवेल के ओवर में उन्होंने लगातार दो छक्के लगाए। शार्दुल और रिंकू ने 22 गेंद में 51 रन जोड़े, जिसमें शार्दुल का योगदान 42 रन था। उन्होंने जल्द ही 20 गेंद में अपना अर्धशतक भी पूरा कर लिया। इस आईपीएल में बटलर के साथ यह सबसे तेज अर्धशतक है। बटलर भी 20 गेंद में अर्धशतक लगा चुके हैं। 33 गेंद में 46 रन बनाकर आउट होने से पहले रिंकू ने हर्षल के 19वें ओवर में दो छक्के और चौका लगाया।
कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर
- फोटो : IPL/BCCI
सुयश ने कर्ण शर्मा को अपना तीसरा शिकार बनाया। इसके बाद वरुण चक्रवर्ती ने आकाश दीप को आउट कर अपना चौथा विकेट लिया और आरसीबी की पारी 123 रन पर समेट दी। इसके साथ ही कोलकाता ने मैच 81 रन से जीत लिया।
चोटिल टॉप्ले आईपीएल से बाहर
इस बीच आरसीबी के कोच संजय बांगड़ ने खुलासा किया कि रीस टॉप्ले चोट के चलते आईपीएल से बाहर हो गए हैं। टॉप्ले पिछले मैच में मैदान पर कंधे के बल गिर गए थे, जिससे उनका कंधा उतर गया था। वह वापस इंग्लैंड जा रहे हैं। वहीं जोश हेजलवुड 14 अप्रैल को ऑस्ट्रेलिया से आ रहे हैं। उनके 17 अप्रैल के मैच में खेलने की संभावना है। वानिंदु हसरंगा 10 अप्रैल को न्यूजीलैंड से आ रहे हैं।