70 रन की पारी के दौरान आंद्रे रसेल- फोटो : IPL/BCCI
रसेल और बिलिंग्स की साझेदारी ने कोलकाता को जिताया
आंद्रे रसेल और सैम बिलिंग्स ने पांचवें विकेट के लिए 90 रन की नाबाद साझेदारी की और अपनी टीम को जीत दिलाई। कोलकाता की टीम 51 रन पर चार विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी। इसके बाद इन दोनों ने शानदार साझेदारी की। रसेल ने बड़े छक्के लगाए और बिलिंग्स ने बखूबी उनका साथ निभाते हुए 24 रन की बेहतरीन पारी खेली। रसेल ने अपनी पारी में आठ छक्के और दो चौके लगाए, जबकि बिलिंग्स ने एक चौका और एक छ्क्का लगाया।
राहुल चाहर- फोटो : IPL/BCCI
राहुल के अलावा पंजाब का हर गेंदबाज फ्लॉप
पंजाब के लिए राहुल चाहर ने इस मैच में बहुत ही शानदार गेंदबाजी की उन्होंने चार ओवर में 13 रन देकर दो विकेट लिए। इसमें एक मेडन ओवर भी शामिल था। उनके अलावा ओडियन स्मिथ और कगिसो रबाडा को एक-एक विकेट मिला। अर्शदीप सिंह, हरप्रीत बरार और लिविंग्सटन कोई सफलता नहीं हासिल कर सके।
श्रेयस अय्यर और वेंकटेश अय्यर - फोटो : IPL/BCCI
कोलकाता की ओपनिंग जोड़ी फिर फ्लॉप
इस सीजन कोलकाता के ओपनिंग बल्लेबाज लगातार फ्लॉप रहे हैं। पहले मैच को छोड़कर बाकी दोनों मैच में ओपनिंग जोड़ी कुछ खास नहीं कर पाई। इस मैच में भी रहाणे 12 और वेंकटेश तीन रन बनाकर आउट हुए। वहीं नीतीश राणा भी खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए। कप्तान अय्यर ने 15 गेंद में 26 रन जरूर बनाए, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल सके।
उमेश यादव - फोटो : IPL/BCCI
उमेश ने दिलाई शानदार शुरुआत
उमेश यादव ने इस मैच में फिर कोलकाता की टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने लगातार तीसरे मैच में पहले ही ओवर में विकेट चटकाया। उन्होंने कप्तान मयंक अग्रवाल को पवेलियन भेजा। इसके बाद बीच के ओवरों में भी उन्होंने लगातार विकेट निकाले और अपने आईपीएल करियर का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चार ओर में 23 रन देकर चार विकेट चटकाए। उनके अलावा टिम साउदी ने दो विकेट लिए। शिवम मावी, सुनील नरेन और आंद्रे रसेल ने एक-एक विकेट लिया।
31 रन की तूफानी पारी के दौरान भानुका राजपक्षे - फोटो : IPL/BCCI
राजपक्षे और रबाडा ने बचाया पंजाब का सम्मान
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब की शुरुआत कुछ खास नहीं रही थी। कप्तान पहले ही ओवर में पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद भानुका राजपक्षे ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी की और नौ गेंद में 31 रन की पारी खेली। उनकी इस पारी में तीन चौके और तीन छक्के शामिल थे। राजपक्षे की पारी के चलते पंजाब ने पावरप्ले में 62 रन बनाए। अंत में रबाडा ने तेजी से रन बनाकर अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई पंजाब
राजपक्षे के आउट होने के बाद पंजाब की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। शिखर धवन 16, लिविंगस्टन 19 और राज बावा 11 रन बनाकर आउट हुए। शाहरुख खान अपना खाता भी नहीं खोल पाए। अंत में कगिसो रबाडा ने 16 गेंद में 25 रन बनाकर अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। हालांकि, पंजाब की टीम इस मैच में पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और 18.2 ओवर में 137 रन बनाकर आउट हो गई।