मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच माहेला जयवर्धने ने कप्तान हार्दिक पांड्या की कप्तानी और खेल में हुए सुधार की जमकर तारीफ की है। आईपीएल 2026 में मुंबई अपने अभियान की शुरुआत 29 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ मुंबई में होने वाले मुकाबले से करेगी।
हार्दिक से पहली मुलाकात का किया जिक्र
जयवर्धने ने कहा, मैं हार्दिक से पहली बार 2017 में मिला था। वह युवा थे लेकिन उनमें प्रतिभा और बहुत ज्यादा ऊर्जा थी। यही बात मुझे हार्दिक में हमेशा से पसंद आई है। आज भी खेल के प्रति उनकी ऊर्जा वैसी ही है। उन्हें क्रिकेट के खेल से बहुत अधिक लगाव है और वह इसके बारे में बहुत बातें करते हैं। मैं आठ साल से मुंबई इंडियंस के साथ हूं और एक लीडर के तौर पर उनका विकास, मैदान पर उनकी समझदारी और जिस तरह से वह बेहतर हुए हैं शायद सीमित ओवर के खेल के सबसे बेहतरीन ऑलराउंडर में से एक हैं।
अपने करियर के दौरान चोटों और वर्कलोड की वजह से पांड्या को जिन मुश्किलों का सामना करना पड़ा, उन पर बात करते हुए जयवर्धने ने कहा, हार्दिक को जो चोटें लगीं उससे उनके शरीर पर बुरा असर पड़ा, क्योंकि वह टेस्ट क्रिकेट भी खेल रहे थे। काम के बोझ को मैनेज करने के लिए उन्हें बहुत कुछ करना पड़ा। अब वह इस बात को समझते हैं और हमारे पास उनके काम के बोझ को संभालने का एक तय तरीका है। जब कोई खिलाड़ी अपने करियर के उस अहम पड़ाव पर पहुंच जाता है तो उसके वर्कलोड को मैनेज करना जरूरी होता है।
मुंबई को छठे खिताब की तलाश
हार्दिक की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने पिछले सीजन में जोरदार वापसी करते हुए प्लेऑफ में जगह बनाई थी, हालांकि टीम को दूसरे क्वालिफायर में पंजाब किंग्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस इस सीजन में फिर से ट्रॉफी जीतने की कोशिश करेगी।