पूर्व भारतीय क्रिकेटर कीर्ति आजाद ने कहा है कि अगर रोहित शर्मा और विराट कोहली साथ में नहीं खेलते हैं तो भारतीय टीम को नुकसान होगा और क्रिकेटर को परेशानी होगी। भारत के अफ्रीका दौरे में विराट और रोहित साथ में नहीं खेलेंगे। रोहित हैमस्ट्रिंग की चोट के चलते टेस्ट सीरीज से बाहर हैं, जबकि विराट के वनडे सीरीज खेलने पर भी संशय है। रोहित को लगभग एक सप्ताह पहले ही विराट की जगह भारत की वनडे टीम का कप्तान बनाया गया था।
कीर्ति आजाद ने एएनआई से बातचीत में कहा "अगर रोहित और विराट साथ में नहीं खेल रहे हैं तो टीम इंडिया को इसका नुकसान उठाना पड़ेगा और ये दोनों पहले खुद को ही परेशानी में डालेंगे। एक खिलाड़ी दूसरे को हटा देगा। कोई भी ऐसा नहीं है, जिसे न हटाया जा सके। कई महान खिलाड़ी आए और चले गए। सुनील गावस्कर, कपिलदेव, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और सौरव गांगुली। इसलिए अगर ये दोनों एक दूसरे की कप्तानी में नहीं खेलेंगे तो सबसे पहले खुद को मुश्किलों में डालेंगे।"
बोर्ड को इससे बाहर निकलने का रास्ता ढूंढ़ना होगा
कीर्ति आजाद ने आगे कहा "रोहित फिट नहीं हैं और कोहली वनडे सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं हैं। आपके दो सबसे बेहतरीन खिलाड़ी एक न एक सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं हैं। यह एक चिंताजनक बात है। ये दोनों आपकी बल्लेबाजी की रीढ़ रहे हैं और बोर्ड को पता करना चाहिए कि समस्या कहां है यदि ऐसा कुछ है। हालांकि बीसीसीआई के सदस्य यह ट्वीट कर रहे हैं कि टीम में अनबन हो सकती है। यह टीम के आत्मविश्वास के लिए ठीक नहीं है और दक्षिण अफ्रीका अच्छी टीम है। खासकर जब आप अच्छे हार्ड विकेट पर खेल रहे हों। यह दुनिया के किसी भी दूसरे हिस्से में खेलने से अलग है। विकेट काफी अलग हैं।"
अजहरुद्दीन के ट्वीट पर उठाए सवाल
कीर्ति आजाद ने मोहम्मद अजहरुद्दीन के ट्वीट पर सवाल उठाते हुए कहा कि वो उनके ट्वीट को देखकर आश्चर्यचकित हैं। अजहरुद्दीन बीसीसीआई का हिस्सा हैं और हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं। क्या वो वही ट्वीट कर रहे हैं, जो बीसीसीआई कहती है, क्योंकि एक बार वो जो भी सोशल मीडिया पर ट्वीट करते हैं, उसे बीसीसीआई के हिस्से के रूप में माना जाता है। इससे बीसीसीआई के अंदर कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए मैं ऐसे बिना किसी तुक के बयानों को सिर्फ कयास ही मानूंगा। क्योंकि अगर वो ऐसा नहीं कर रहे हैं तो बोर्ड को आगे आना चाहिए।
अजहरुद्दीन ने ट्वीट किया था "विराट ने जानकारी दी है कि वो वनडे सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं हैं और रोहित टेस्ट सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं हैं। ब्रेक लेने में कोई समस्या नहीं है, लेकिन समय का ध्यान रखना होगा। यह टीम में दरार की अफवाहों की पुष्टि करता है। किसी को भी दूसरे फॉर्मेट में खेलना नहीं छोड़ना चाहिए।"