इससे पहले क्रिस गेल (104*) के तूफानी शतक की बदौलत किंग्स इलेवन पंजाब ने निर्धारित 20 ओवर में तीन विकेट खोकर 193 रन बनाए। गेल के साथ आरोन फिंच 14* रन बनाकर नाबाद डगआउट लौटे।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी किंग्स इलेवन पंजाब को ओपनर्स केएल राहुल (18) और क्रिस गेल ने सधी हुई शुरुआत दिलाई। दोनों ने 53 रन की साझेदारी की। पहली बार ऐसा देखने को मिला कि पंजाब के ओपनर्स ने धीमी शुरुआत की हो। बहरहाल, राशिद खान ने राहुल को LBW आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद गेल ने मयंक अगरवाल (18) के साथ 30 रन जोड़े ही थे कि कौल ने दाएं हाथ के बल्लेबाज को दीपक हूडा के हाथों की शोभा बनाकर पंजाब को दूसरा झटका दिया।
यहां से गेल ने करुण नायर (31) के साथ तेजतर्रार 85 रन की साझेदारी की। गेल ने इस दौरान छक्को की बारिश की। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने क्रिस जॉर्डन द्वारा किए पारी के 13वें ओवर की पहली गेंद पर एक रन लेकर अपनी फिफ्टी पूरी की। उन्होंने 39 गेंदों पर एक चौके और पांच छक्को की मदद से पचास रन पूरे किए। मौजूदा टूर्नामेंट में गेल ने लगातार दूसरी फिफ्टी पूरी की। भुवनेश्वर कुमार ने नायर को डीपमिडविकेट में धवन के हाथों कैच आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ा।
फिर गेल ने 58 गेंदों में एक चौके और 11 छक्को की मदद से अपने टी20 करियर का 21वां शतक जड़ा। वह आईपीएल 2018 में सेंचुरी जमाने वाले पहले बल्लेबाज बने। गेल ने सिद्धार्थ कौल द्वारा किए पारी के 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर एक रन लेकर अपने आईपीएल करियर का छठा शतक जमाया। हैदराबाद की तरफ से भुवनेश्वर कुमार, राशिद खान और सिद्धार्थ कौल को एक-एक विकेट मिला।
इससे पहले किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान रविचंद्रन अश्विन ने गुरुवार को आईपीएल 2018 के 16वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। किंग्स इलेवन पंजाब ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है जबकि हैदराबाद ने बिली स्टानलेक की जगह क्रिस जॉर्डन को शामिल किया है।
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम मौजूदा लीग में तीन मैच जीतकर इस समय अंक तालिका में दूसरे स्थान पर काबिज है। वहीं दो जीत के साथ किंग्स इलेवन पंजाब दूसरे स्थान पर काबिज है।
टीमें:
किंग्स इलेवन पंजाब- केएल राहुल, क्रिस गेल, मयंक अगरवाल, करुण नायर, युवराज सिंह, आरोन फिंच, बरिंदर सरां, रविचंद्रन अश्विन (कप्तान), एंड्रू टाई, मोहित शर्मा, मुजीब उर रहमान।
सनराइजर्स हैदराबाद- केन विलियमसन, शिखर धवन, मनीष पांडे, ऋद्धिमान साहा, शाकिब अल हसन, दीपक हूडा, यूसुफ पठान, भुवनेश्वर कुमार, राशिद खान, सिद्धार्थ कौल और क्रिस जॉर्डन।