इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन श्रीलंका के खिलाफ इन दो खिलाड़ियों डॉम सिब्ले और जैक क्राउले के प्रदर्शन से नाखुश हैं। दरअसल, ये दोनों सलामी बल्लेबाज श्रीलंका के खिलाफ संघर्ष करते नजर आए। इन दोनों खिलाड़ियों की बल्लेबाजी से नाखुश पीटरसन ने इंग्लैंड क्रिकेट को टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ का एक मेल भेजा है, जिसमें उन्होंने कहा कि इससे सिब्ले और क्राउले को मदद मिलेगी।
बता दें कि श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा व आखिरी मुकाबला गाले में खेला जा रहा है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने इंग्लैंड ने पहली पारी में दो विकेट के नुकसान पर 98 रन बना लिए हैं। जो रूट (67) और जॉनी बेयरस्टो (24) रनबनाकर नाबाद हैं। दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दोनों सलामी बल्लेबाज डॉम सिब्ले (0) और जैक क्राउले (5) महज पांच रन के स्कोर पर आउट हो गए। लसिथ एम्बुलेंसिया ने दोनों का शिकार किया। वहीं, श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 381 रन बनाए। फिलहाल, इंग्लैंड श्रीलंका से 283 रन पीछे है।