फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG: भारत के खिलाफ हार के बाद पीटरसन ने इंग्लैंड को लताड़ा, अभ्यास पर साधा निशाना; बटलर ने किया बचाव

Thu, 13 Feb 2025 12:48 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

19 फरवरी से होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी से पहले दोनों टीमों की यह आखिरी सीरीज थी। भारत ने जहां इस सीरीज में तीनों ही विभाग में दम दिखाया, वहीं इंग्लैंड प्रभावित करने में असफल रहा।
विज्ञापन
केविन पीटरसन - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज गंवाने के बाद पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने इंग्लैंड टीम को जमकर लताड़ा है। भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज 4-1 से जीतने के बाद तीन मैचों की वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया। 19 फरवरी से होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी से पहले दोनों टीमों की यह आखिरी सीरीज थी। भारत ने जहां इस सीरीज में तीनों ही विभाग में दम दिखाया, वहीं इंग्लैंड प्रभावित करने में असफल रहा। 
विज्ञापन

अभ्यास की कमी को बताया कारण 
करारी हार से आहत पीटरसन ने अभ्यास की कमी के चलते इंग्लैंड पर निशाना साधा है। पीटरसन का कहना है कि खिलाड़ियों का नेट गेंदबाजों का सामना करना चाहिए था और स्पिन खेलने की अपनी क्षमता पर काम करना था।  इंग्लैंड ने कोलकाता में पहले टी20 मैच के साथ दौरे की शुरुआत से पहले दो ट्रेनिंग सत्र आयोजित किए, जबकि दूसरे और तीसरे टी20 मैच से पहले उन्होंने क्रमश: चेन्नई और राजकोट में एक-एक ट्रेनिंग सत्र में हिस्सा लिया। मेहमान टीम ने हालांकि पुणे और मुंबई में क्रमशः चौथे और पांचवें टी20 मैच से पहले ट्रेनिंग नहीं की। टीम ने कटक और अहमदाबाद में दूसरे और तीसरे वनडे मैच से पहले भी ट्रेनिंग सत्र आयोजित नहीं किए।

पीटरसन ने एक्स पर लिखा, मुझे खेद है, लेकिन मैं इस बात से पूरी तरह हैरान हूं कि इंग्लैंड ने पहला वनडे मैच हारने और टी20 सीरीज गंवाने के बाद से एक भी अभ्यास सत्र आयोजित नहीं किया। यह कैसे हो सकता है? कैसे? मेरा मानना है कि नागपुर के बाद इस सीरीज में जो रूट एकमात्र खिलाड़ी थे जिन्होंने नेट अभ्यास किया। इस दुनिया में एक भी खिलाड़ी ऐसा नहीं है जो ईमानदारी से कह सके कि वे बिना अभ्यास के बेहतर हो सकते हैं, जबकि वे हार रहे हैं। इंग्लैंड की टीम में एक भी खिलाड़ी ऐसा नहीं हो सकता जो भारत से रवाना होने वाले विमान में बैठकर खुद से कहे कि उन्होंने इंग्लैंड को जीतने में मदद करने के लिए हर संभव कोशिश की। इसके कारण मैं बहुत दुखी हूं। हारना ठीक है अगर आप हर दिन बेहतर होने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ दे रहे हैं और अगर इंग्लैंड ने इस सीरीज के दौरान ट्रेनिंग नहीं की तो उन्होंने प्रयास नहीं किया। किसी भी इंग्लैंड प्रशंसक के लिए यह दुखद है।

गोल्फ खेलने पर भड़के पीटरसन 
इंग्लैंड को बुधवार को तीसरे और अंतिम वनडे में 142 रन से हार का सामना करना पड़ा जो भारत के खिलाफ रनों से लिहाज से उसकी इस प्रारूप में दूसरी बड़ी हार है। इस दौरान कमेंट्री करने वाले पीटरसन ने बताया कि चोटिल जैकब बेथेल की जगह लेने वाले टॉम बैंटन ने मैच से पहले का दिन ट्रेनिंग करने के बजाय गोल्फ कोर्स पर बिताया। उन्होंने कहा, जब मैं क्रिकेट खेलता था तो कभी गोल्फ नहीं खेलता था। मैं नेट पर हजारों गेंदों का सामना करता था, यहां उपमहाद्वीप में सुधार करने की कोशिश करता था। इंग्लैंड में ब्रेक लो।
विज्ञापन

बटलर ने क्या दिया जवाब?
हालांकि कप्तान जोस बटलर ने अपनी टीम के ट्रेनिंग कार्यक्रम का बचाव किया। बटलर ने कहा, ईमानदारी से कहूं तो मुझे नहीं लगता कि यह सच है। हमारा दौरा काफी लंबा था, कुछ दिन लंबी यात्रा भी की। कई बार ऐसा हुआ कि हमने ट्रेनिंग नहीं की लेकिन हमने पूरे दौरे के दौरान काफी ट्रेनिंग की। हम निश्चित रूप से एक बहुत अच्छा माहौल बनाने की कोशिश करते हैं लेकिन इसे आलसी माहौल या प्रयास की कमी नहीं समझें। खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करने और सुधार करने के लिए बेताब हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें