केरल के मुख्यमंत्री ओमन चांडी ने दागी तेज गेंदबाज शांताकुमारन श्रीसंत का समर्थन करते हुए कहा है कि दिल्ली की एक कोर्ट द्वारा बरी किए जाने के बावजूद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) का श्रीसंत पर प्रतिबंध लगाना गलत है।
आईपीएल के छठे संस्करण में स्पॉट फिक्सिंग मामले में दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने श्रीसंत, अंकित चव्हाण और अजीत चंदीला सहित सभी 36 आरोपियों को पिछले महीने बरी कर दिया लेकिन बीसीसीआई ने इन क्रिकेटरों के ऊपर लगे प्रतिबंध को हटाने से इंकार कर दिया था।
दो साल बाद अपना क्रिकेट करियर दोबारा शुरू करने की कोशिशों में जुटे श्रीसंत का समर्थन करते हुए चांडी ने कहा, कोई अन्याय नहीं होना चाहिए। मुझे नहीं लगता कि इस मुद्दे पर बीसीसीआई की स्थिति सही है।