इस साल शानदार प्रदर्शन कर रही न्यूजीलैंड की क्रिकेट टीम को एक बड़ा झटका लगा है, उसके एक दिग्ग्ज क्रिकेटर को किसी भी मैच में गेंदबाजी करने से ही प्रतिबंधित कर दिया गया है।
न्यूजीलैंड के पार्ट टाइम ऑफ स्पिनर केन विलियम्सन की गेंदबाजी के दोषपूर्ण पाए जाने के बाद उन पर अंतरराष्ट्रीय मैचों में गेंदबाजी करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
विलियम्सन के गेंदबाजी एक्शन को पिछले महीने जून में पोर्ट ऑफ स्पेन में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दौरान मैच अधिकारी ने दोषपूर्ण बताया था।
जांच में संदिग्ध पाया गया गेंदबाजी एक्शन
मैच अधिकारी के केन विलियम्सन के गेंदबाजी एक्शन को दोषपूर्ण पाए जाने के बाद उनके गेंदबाजी करने के तरीके की कॉर्डिफ में बायोमकैनिकल जांच की गई जिसमें पाया गया की गेंद डालते समय विलियम्सन की कोहनी आईसीसी के तय नियम से 15 डिग्री अधिक बाहर निकली हुई थी।
इस जांच के बाद ही विलियम्सन पर सभी अंतरराष्ट्रीय मैचों में गेंदबाजी करने पर रोक लगा दी गई है। वह अपनी टीम में बने रह सकते हैं क्योंकि वह कीवी टीम के स्थापित बल्लेबाज हैं और तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए आते हैं।
हालांकि उनको सलाह दी गई है कि वह अपने एक्शन पर मेहनत करें, जिससे भविष्य में फिर से गेंदबाजी करने के योग्य हो जाएं।
फैसले से बेहद निराश है विलियम्सन
न्यूजीलैंड टीम के धाकड़ बल्लेबाजों में शुमार केन विलियम्सन पार्ट टाइम गेंदबाजी भी करते हैं। जून में वेस्ट इंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में 15.2 ओवर गेंदबाजी की थी। उन्होंने 34 टेस्ट मैचों में पार्ट टाइम गेंदबाजी करते हुए 40.66 की औसत से 24 विकेट झटके हैं।
टीम के कोच माइक हेसन ने उम्मीद जताई है कि केन विलियम्सन देश के लिए फिर से गेंदबाजी करने योग्य हो जाएंगे।
उन्होंने कहा, "केन इस प्रतिबंध से बेहद निराश हैं। कोई भी इस स्थिति में होता तो उसे ऐसा ही अनुभव होता। अब उनके पास एक चुनौती है कि वह ऐसी तैयारी करें कि एक बार फिर से उन्हें देश के लिए गेंदबाजी करने का मौका मिले।"