फिट होकर लौट चुके केदार जाधव ने बृहस्पतिवार को कहा कि वेस्टइंडीज के खिलाफ बाकी बचे तीन वन-डे इंटरनेशनल मैचों के लिए भारतीय टीम में नहीं चुने जाने के बारे में उन्हें जानकारी नहीं दी गई। जाधव से जब यह पूछा गया कि वेस्टइंडीज के खिलाफ बाकी बचे तीन मैचों में उनके चयन को लेकर किसी तरह की जानकारी दी गई तो उन्होंने कहा, 'मुझे इसकी जानकारी नहीं है।'
इसके बाद मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद को कहना पड़ा कि इस बल्लेबाज को चोटिल होने के उनके पुराने इतिहास के कारण टीम में नहीं चुना गया। देवधर ट्रॉफी के बीच में जाधव को भारत ए टीम में जगह दी गई क्योंकि चयनकर्ता उनकी वापसी पर फैसला करने से पहले उनकी फिटनेस परखना चाहते थे।
तीन राष्ट्रीय चयनकर्ताओं की मौजूदगी में जाधव ने 25 गेंद में नाबाद 41 रन की पारी खेली और पांच ओवर भी फेंकते हुए अपना दावा पेश किया लेकिन देवधर ट्रॉफी मैच के दौरान घोषित हुई टीम में महाराष्ट्र के इस खिलाड़ी को जगह नहीं दी गई। जाधव ने कहा, 'देखते हैं क्या होता है। मुझे यह बताने वाले आप पहले व्यक्ति हैं। मुझे यह देखने कि जरूरत है कि उन्होंने मुझे क्यों नहीं चुना। मैं टीम में नहीं था इसलिए मुझे नहीं पता कि क्या योजना है। संभवत: मैं रणजी ट्रॉफी में खेलूंगा।'
प्रसाद ने चयनकर्ताओं का बचाव करते हुए कहा कि जाधव को वापसी के लिए अधिक घरेलू मैचों में खेलना होगा। उन्होंने कहा, 'हमने केदार को फिटनेस के उनके इतिहास को देखते हुए नहीं चुना। इससे पहले भी कुछ अवसरों पर उन्होंने फिट होकर वापसी की लेकिन फिर चोटिल हो गए जैसे कि पिछले महीने एशिया कप में हुआ।'
प्रसाद ने कहा, 'असल में हम सोच रहे थे कि अगर भारत ए आज जीत दर्ज करने में सफल रहता है तो केदार को एक अन्य मैच खेलने के लिए मिल जाएगा जिससे हमें उनकी मैच फिटनेस का सही आकलन करने का मौका मिल जाता। हम उन्हें चौथे वनडे से पहले (भारतीय टीम में) एक अतिरिक्त खिलाड़ी के रूप में शामिल कर सकते थे। खिलाड़ियों को समझना चाहिए कि टीम का चयन करते समय हम एक प्रक्रिया का अनुसरण करते हैं।'