फॉर्म से जूझ रहे शिखर धवन के कोलकाता टेस्ट में चोटिल हो जाने के कारण टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। उनकी जगह करुण नायर को आठ अक्टूबर से इंदौर में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जाने वाले तीसरे टेस्ट के लिए टीम में जगह दी गई है। करुण को दूसरी बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। पिछले साल श्रीलंका दौरे में ओपनर मुरली विजय के चोटिल हो जाने के बाद करुण को श्रीलंका बुलाया गया था लेकिन तब वह अंतिम 11 में जगह नहीं बना पाए थे।
धवन के हाथ में कोलकाता टेस्ट के दौरान चोट लगी थी। उनकी बाएं हाथ में मामुली फ्रैक्चर हो गया है। इस वजह से उन्हें 10 से 15 दिन आराम करने की सलाह दी गई है।
करुण नायर ने इसी साल जिंबाब्वे के खिलाफ हरारे में वनडे में पदार्पण किया था। 24 साल के इस युवा बल्लेबाज ने साल 2015-16 के रणजी सीजन में लगभग 50 की औसत से 500 रन बनाए थे। घरेलू क्रिकेट में वह लगातार रन बना रहे हैं। हालांकि तीसरे टेस्ट में धवन की जगह टीम में जगह पाने के दावेदार गौतम गंभीर हैं जो कि फॉर्म में भी चल रहे हैं। उन्होंने दिलीप ट्रॉफी में बेहतरीन प्रदर्शन करके टेस्ट टीम में वापसी का दावा ठोंका था।
करुण नायर कर्नाटका की ओर से रणजी खेलते हैं और वह आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स टीम का हिस्सा हैं।