अगर इंदौर में होने वाला तीसरा टेस्ट मैच खेला जाता है तो बाएं हाथ के बल्लेबाज गौतम गंभीर का 2 साल बाद टीम इंडिया के लिए खेलने का सपना पूरा हो सकता है।
ऐसी इसलिए होगा क्योंकि भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन तीसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। रविवार को उनके एक ही अंगूठे पर दो बार गेंद लग गई थी। इसके बाद अस्पताल में उनके अंगूठे का स्कैन कराया गया और उन्हें 15 दिन के आराम की सलाह दी गई है।
इसके चलते वह तीसरे और आखिरी टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं और उनके बाहर होने का मतलब है कि गौतम गंभीर को तीसरे टेस्ट में मौका मिलने की संभावना और बढ़ गई है। हालांकि धवन के विकल्प के तौर पर कर्नाटक के बल्लेबाज करुण नायर को टीम में शामिल कर लिया गया है। धवन की मेडिकल रिपोर्ट्स के मुताबिक उनके बाएं अंगूठे में मामूली फ्रेक्चर है, जिसे ठीक होने में करीब 2 सप्ताह का समय लगेगा।
मैच कराए जाने पर संकट उस समय आया जब लोढ़ा समिति की सिफारिशोें को नहीं मानने पर उच्चतम न्यायालय बीसीसीआई से नाराज हो गया। समिति ने बीसीसीआई का खाता रखने वाले बैंकों को ‘निर्देश’ दिया कि वे भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा 30 सितंबर को उसकी विशेष आम बैठक में लिए गए वित्तीय फैसलों के संबंध में किसी भी राशि का भुगतान नहीं करें।
बीसीसीआई के खाते वाले बैंक (यस बैंक और बैंक ऑफ महाराष्ट्र) को भी ई-मेल भेजा गया था। ऐसी खबर है कि इन दोनों बैंकों ने भी बोर्ड का खाता फ्रीज करने का फैसला किया है। अगर पैसों का भुगतान रुकता है तो आगामी मैच पर संकट के बादल मंडरा सकते हैं।