कोलकाता का ऐतिहासिक ईडन गार्डंस 'क्रिकेट का मक्का' कहे जाने वाले लॉर्ड्स की राह पर चल निकला है और वहां की एक अनोखी परंपरा को अपने यहां शुरू करने जा रहा है।
लॉर्ड्स की तर्ज पर अब ईडन गार्डंस पर भी घंटी बजाकर टेस्ट मैच के शुरुआत की घोषणा की जाएगी। ईडन गार्डंस में पहली बार घंटी बजाकर मैच की शुरुआत की जाएगी। भारत और न्यूजीलैंड के बीच 3 मैचों की सीरीज का दूसरा मैच कोलकाता में 30 सितंबर से खेला जाएगा। ईडन में घंटी बजाने के परंपरा की शुरुआत टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और ऑलराउंडर कपिल देव करेंगे।
बंगाल क्रिकेट संघ (कैब) के संयुक्त सचिव अविशेक डालमिया ने इस बार की पुष्टि करते हुए कहा, "यह सौरव गांगुली (कैब अध्यक्ष) का विचार था और कपिल देव टेस्ट मैच के सुबह घंटी बजाने को राजी हो गए हैं।"
लॉर्ड्स में किसी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर, प्रशासक या खेल के प्रति दीवानगी रखने वाले के जरिए 5 मिनट तक घंटी बजाकर टेस्ट मैच के शुरुआत की घोषणा की जाती है। इस ऐतिहासिक मैदान पर इस परंपरा की शुरुआत 2007 में हुई थी। कैब अध्यक्ष सौरव गांगुली ने अगले टेस्ट से इस तरह की अनोखी परंपरा की शुरुआत करने का फैसला लिया।
अभिषेक डालमिया ने आगे कहा, "सिल्वर कोटेड इस बड़ी घंटी को ईडन क्लाक के पास टांगा जाएगा और इसे अगले कुछ दिनों में लगा दिया जाएगा।"