भारतीय टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट में मिली भारत की हार के बाद कप्तान रोहित शर्मा का बचाव किया है। कपिल का कहना है कि वापसी करने के लिए रोहित की क्षमता पर शक नहीं करना चाहिए। पूर्व दिग्गज खिलाड़ी कपिल ने साथ ही कहा कि करियर के इस स्टेज में भारतीय कप्तान को खुद को साबित करने की जरूरत नहीं है।
रोहित का एडिलेड टेस्ट में बल्ले से प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था और उन्होंने तीन तथा छह रन बनाए थे। रोहित इस मैच में ओपनिंग की जगह मध्यक्रम में बल्लेबाजी के लिए उतरे थे। रोहित पहले टेस्ट में उपलब्ध नहीं थे और उनकी जगह जसप्रीत बुमराह ने पर्थ टेस्ट में कप्तानी की थी और भारत ने वो मुकाबला जीता था। रोहित की कप्तानी में हालांकि भारत ने लगातार चौथा मैच गंवाया जिसके बाद प्रशंसकों और पूर्व खिलाड़ियों ने रोहित की आलोचना की थी।
कपिल ने दिल्ली गोल्फ क्लब में एक कार्यक्रम के दौरान कहा, रोहित को खुद को साबित करने की जरूरत नहीं है। वह कई वर्षों से ऐसा करता आ रहा है इसलिए हमें किसी पर संदेह नहीं करना चाहिए। मैं उस पर संदेह नहीं करूंगा। मुझे उम्मीद है कि वह फॉर्म में वापस आ जाएगा, यह महत्वपूर्ण है। एक या दो प्रदर्शन के आधार पर, अगर आपको किसी की कप्तानी पर संदेह है। मेरा मतलब है कि सिर्फ छह महीने पहले जब उसने टी20 विश्व कप जीता था तो आपने यह सवाल नहीं पूछा होता। इसे जाने दीजिए, उसकी क्षमता और प्रतिभा को जानते हुए, वह वापसी करेगा। वह मजबूती से वापसी करेगा।
हर्षित राणा को प्लेइंग-11 में लेने पर क्या बोले कपिल?
यह पूछे जाने पर कि क्या दूसरे टेस्ट में युवा हर्षित राणा को शामिल करना एक गलती थी, कपिल ने कहा, मैं कोई नहीं हूं। मैं कैसे फैसला कर सकता हूं? वहां ऐसे लोग हैं जिनके पास यह तय करने की जिम्मेदारी है कि टीम में किसे होना चाहिए।
बुमराह की कप्तानी पर भी रखी राय
कपिल ने बुमराह की कप्तानी पर भी अपनी राय रखी। कपिल से पूछा गया कि रोहित से कमान संभालने के लिए बुमराह तैयार हैं। इस पर कपिल ने कहा, मुझे लगता है कि इस बारे में बात करना जल्दबाजी होगी। एक प्रदर्शन के आधार पर आप यह नहीं कह सकते कि वह सर्वश्रेष्ठ हैं और एक खराब प्रदर्शन के आधार पर आप यह नहीं कह सकते कि वह इसके लायक नहीं हैं।