भारत के खिलाफ तीसरे वन-डे में शिकस्त के साथ सीरीज गंवाने के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन निराश दिखे और उन्होंने कहा कि भारत की मजबूत टीम पांच मैचों की सीरीज में उन्हें कड़ा सबक सिखा रही है।
विलियमसन ने कहा, 'उनकी टीम काफी अच्छी है और वे हमें सबक सिखा रहे हैं। आज सुधार था और उनकी टीम ने हमें जो सिखाया हम उसकी सराहना करना चाहते हैं। उनकी योजनाओं में निरंतरता है और उन्होंने हमें गलती करने के लिए बाध्य किया। मुझे लगता है कि हम इससे बेहतर हैं।'
विलियमसन ने इस दौरान की रॉस टेलर और टॉम लैथम की तारीफ की जिनकी पारियों की बदौलत टीम 243 रन तक पहुंचने में सफल रही। उन्होंने कहा, 'विकेट बल्लेबाजी के लिए मुश्किल था और लैथम तथा रोस के बीच साझेदारी बेहतरीन थी।'
न्यूजीलैंड के गेंदबाज नियमित अंतराल पर विकेट हासिल करने में नाकाम रहे और विलियमसन ने कहा कि भारत पर दबाव डालने के लिए उन्हें विकेटों की जरूरत थी। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि हम गेंद से ठीक प्रदर्शन कर रहे हैं। विरोधी टीम को दबाव में डालने के लिए हमें जल्दी विकेटों की जरूरत है।'
बता दें कि भारत ने सोमवार को माउंट मॉनगनुई में तीसरा वन-डे जीतकर सीरीज पर कब्जा जमा लिया है। भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को सात विकेट से मात देकर पांच मैच की वन-डे सीरीज में 3-0 की बढ़त बना ली है। सीरीज का चौथा मुकाबला हैमिल्टन में गुरुवार को खेला जाएगा।