न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज केन विलियमसन ने कहा कि उनकी टीम इस बात पर ज्यादा ध्यान नहीं दे रही है कि भारत को दुबई की परिस्थितियों का काफी अनुभव है। विलियमसन का कहना है कि यह ऐसी चीज है जो उनके नियंत्रण से बाहर है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच नौ मार्च को दुबई में चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय टीम ने पिछले रविवार को न्यूजीलैंड को इसी मैदान पर हराया था।
दक्षिण अफ्रीका को हराकर फाइनल में जगह बनाई
न्यूजीलैंड ने रचिन रवींद्र के 108 रन और विलियमसन के 102 रन की शतकीय पारी के बाद गेंदबाजों की शानदार गेंदबाजी के दम पर दक्षिण अफ्रीका को 50 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। विलियमसन ने इस बात को सिरे से खारिज कर दिया कि भारत को सभी मैच दुबई में खेलने का फायदा मिला। उन्होंने कहा कि ऐसे कारण खेल का हिस्सा होते हैं।
विलियमसन ने सीधे तौर पर यह नहीं कहा कि भारत को एक ही स्थान पर खेलने का फायदा मिल रहा है। इसके बजाय उन्होंने इसकी तुलना और न्यूजीलैंड की लाहौर की परिस्थितियों की अच्छी समझ से की। विलियमसन से जब पूछा गया कि क्या भारत को एक ही स्थान पर खेलने का फायदा मिलेगा, उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि जब आप कई मैच एक ही स्थान पर खेलते हैं तो चीजों को कैसे आगे बढ़ाना है इसको लेकर आपके पास वास्तविक स्पष्टता होती है। जिस तरह से हमें यहां मौका मिला। हमने भी इस स्थान पर कई मैच खेले और मुझे लगता है कि यह क्रिकेट का हिस्सा है।
आत्मविश्वास से भरे हुए हैं विलियमसन
न्यूजीलैंड ने चैंपियंस ट्रॉफी से पहले पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज के दो मैच लाहौर में खेले थे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल में शतक लगाने के बाद विलियमसन आत्मविश्वास से भरे हुए हैं और उनकी निगाहें अब फाइनल पर टिक गई हैं। उन्होंने कहा, भारत ने अपने सभी मैच दुबई में खेले हैं, इस बात पर गौर करने के बजाय हमारा ध्यान अगले मैच पर है। मैच का स्थान और विरोधी टीम निश्चित तौर पर मायने रखते हैं। हमने भी वहां भारत के खिलाफ एक मैच खेला है। परिस्थितियां भिन्न हैं इसलिए महत्वपूर्ण है कि हम पिछले मैच के सकारात्मक पहलुओं पर गौर करें और अगले दो-तीन दिन में इसको लेकर अधिक स्पष्टता हासिल करने का प्रयास करें कि हमें फाइनल में किस तरह से खेलना है।
रचिन की प्रतिभा को सराहा
विलियमसन ने अब तक टूर्नामेंट में दो शतक लगा चुके रचिन को विशिष्ट प्रतिभा करार दिया। उन्होंने कहा, यह फाइनल है इसलिए यह रोमांचक होगा। अगर हम रचिन की बात करें तो वह अविश्वसनीय रूप से विशिष्ट प्रतिभा का धनी है। उसके साथ बल्लेबाजी करना बहुत अच्छा लगता है। वह मैदान पर उतर कर टीम का हित पहले रखता है और स्वच्छंद होकर खेलता है। वह बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी है और इस बात को अच्छी तरह से जानता है कि उसे क्या करना है। वह बड़ी प्रतियोगिताओं में लगातार अच्छा प्रदर्शन करता रहा है और हमने उसे फिर से ऐसा करते हुए देखा। जहां तक भारत का सवाल है तो उसकी टीम बेजोड़ है और वास्तव में बहुत अच्छी क्रिकेट खेल रही है। इसलिए हमारे लिए पिछले मैच से कुछ सीख लेना महत्वपूर्ण होगा। यह फाइनल है और इसमें कुछ भी हो सकता है।