न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन दो महीने तक क्रिकेट से दूर रह सकते हैं। उनकी कुहनी की चोट फिर से उभर आई है और इसी वजह से केन भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट में भी नहीं खेले थे। टी-20 वर्ल्डकप के बाद विलियमसन ने भारत दौरे में सिर्फ एक मैच खेला और चोट की वजह से फिर टीम से बाहर हो गए। इससे पहले उन्होंने टी-20 सीरीज में आराम करने का फैसला किया था। विलियमसन लंबे समय से कुहनी की चोट से जूझ रहे हैं और टी-20 वर्ल्डकप के दौरान भी वो परेशानी के बावजूद न्यूजीलैंड के लिए मैच खेल रहे थे।
न्यूजीलैंड के कोच गैरी स्टीड ने कहा है कि इसकी संभावना कम है कि उन्हें सर्जरी करानी पड़े, लेकिन कुछ समय तक वो क्रिकेट से दूर रहेंगे।
विलियमसन को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के दौरान कुहनी में चोट की समस्या आई थी। स्टीड ने इस पर कहा "केन ठीक हैं, आखिरी बार वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के बाद आईपीएल और टी-20 वर्ल्डकप के पहले लगभग आठ से नौ हफ्ते का समय था। मुझे उम्मीद है एक बार फिर से यह ऐसा ही समय है। हमारी कोशिश है कि फिर से इस चीज को इस तरीके से न देखा जाए।"
सर्जरी की संभावना कम
स्टीड ने आगे कहा "सर्जरी की संभावना कम है। सर्जरी से यही होगा कि रीहैब ठीक तरीके से हो। अगर हमें मजबूरन ऐसा नहीं करना पड़ा तो हम सर्जरी नहीं कराना चाहते हैं। केन मुश्किल से यह कर पा रहे हैं। मुझे गलत तरीके से न लिया जाए। उन्हें न्यूजीलैंड के लिए खेलना पसंद है। टेस्ट क्रिकेट को छोड़ दीजिए, वो क्रिकेट से दूर रहने के किसी विचार से भी नफरत करते हैं।"
बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज से बाहर रह सकते हैं
न्यूजीलैंड को बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट मैच खेलने हैं और इसके बाद कीवी टीम तीन वनडे और एक टी-20 मैच खेलने के लिए ऑस्ट्रेलिया जाएगी। न्यूजीलैंड का ऑस्ट्रेलिया 30 जनवरी से आठ फरवरी के बीच होगा। विलियमसन इस दौरे के लिए फिट हो सकते हैं। अगर वो समय पर अपनी चोट से रिकवर नहीं करते हैं तो वो इस सीरीज से भी बाहर रह सकते हैं।