दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच द वांडरर्स स्टेडियम में सीरीज का पहला टेस्ट मैच खेला जा रहा है। टेस्ट के पहले दिन तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट अपने नाम किए। रबाडा ने अपने इस स्पेल के दौरान खास उपलब्धि हासिल कर ली है। वह इंटरनेशनल क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका की ओर से सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में अब चौथे नंबर पर आ गए हैं। रबाडा ने इस मामले में पूर्व तेज गेंदबाज एलन डोनाल्ड को पीछे छोड़ा है। रबाडा तीनों फॉर्मेट को मिलाकर अब कुल 606 विकेट चटका चुके हैं।
दक्षिण अफ्रीका के लिए किसने लिए हैं सर्वाधिक विकेट
वहीं, डोनाल्ड ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में कुल 602 विकेट चटकाए थे। दक्षिण अफ्रीका की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड शॉन पोलॉक के नाम दर्ज है, जिन्होंने अपने करियर में कुल 823 विकेट हासिल किए हैं। इस सूची में दूसरे नंबर पर 697 विकेट के साथ डेल स्टेन मौजूद हैं। वहीं, मखाया एनटिनी 661 विकेट के साथ तीसरे नंबर पर काबिज हैं।
बांग्लादेश का मजबूत स्कोर
रबाडा ने टेस्ट क्रिकेट में 18वीं बार एक पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा किया। इस मामले में उन्होंने मखाया एनटिनी के रिकॉर्ड की बराबरी की। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका की तरफ से टेस्ट में सबसे ज्यादा बार एक पारी में पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड डेल स्टेन के नाम है। उन्होंने क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में 26 बार यह कारनामा किया है। हालांकि, रबाडा के बेहतरीन स्पेल के बावजूद, बांग्लादेश पहले दिन का खेल खत्म होने तक काफी मजबूत स्थिति में पहुंच गया है। टीम ने छह विकेट खोकर 327 रन बना लिए हैं। यह बांग्लादेश का दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर भी है। तौहीद हृदोय और लिटन दास ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 206 रनों की साझेदारी निभाई। हृदोय ने 137 रनों की लाजवाब पारी खेली, जबकि लिटन 92 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं।