ऑस्ट्रेलिया के कोच जस्टिन लैंगर ब्रेक ले रहे हैं और भारत दौरे पर नहीं जाएंगे जहां उनके वरिष्ठ सहायक एंड्रयू मैक्डोनाल्ड 14 जनवरी से शुरू हो रही तीन एकदिवसीय मैचों की सीरीज में टीम का मार्गदर्शन करेंगे। न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 3-0 से क्लीनस्वीप करने वाले ऑस्ट्रेलिया को अब तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए भारत दौरे पर जाना है जबकि इसके बाद टीम बांग्लादेश में दो टेस्ट की सीरीज खेलेगी।
मैक्डोनाल्ड पहली बार राष्ट्रीय पुरुष टीम के प्रभारी की भूमिका में होंगे और लैंगर को भरोसा है कि 38 साल का यह पूर्व तेज गेंदबाज अपनी नई भूमिका में सफल रहेगा। सिडनी मार्निंग हेराल्ड ने लैंगर के हवाले से कहा कि उन्हें बहुत अच्छा मौका मिला है। क्रिकेट से जुड़ी चीजों को लेकर मुझे अपने कोचिंग स्टाफ पर अब काफी भरोसा है। अब काफी बार मैं क्रिकेट के बारे में 30 प्रतिशत समय ही सोचता हूं, बाकी समय मैं अन्य चीजों के बारे में सोचता हूं
सीरीज का पहला वनडे 14 जनवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि दूसरा वन-डे 17 जनवरी को राजकोट और तीसरा मुकाबला 19 जनवरी को बंगलुरु में होगा। मालूम हो कि ऑस्ट्रेलियाई टीम गजब के फॉर्म में है। उसने पाकिस्तान को 2-0 से रौंदने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने हाल ही में न्यूजीलैंड को टेस्ट सीरीज में 3-0 से मात दी है।