दरअसल, दिन का खेल खत्म होने के बाद इस मुद्दे पर लैंगर से कई सवाल पूछे गए और कोच ने इसके लिए शिक्षा पर जोर दिया। इस दौरान स्वदेशी आदिवासियों को लेकर ऑस्ट्रेलिया के खराब इतिहास के संदर्भ में लैंगर ने कहा, 'मैंने अभी अभी ऑस्ट्रेलिया के इतिहास पर एक किताब पढ़ी है और पिछले कुछ महीनों में कुछ अच्छे वृत्तचित्र देखे हैं। यह दुखद है, हम स्वयं को शिक्षित कर रहे हैं और इससे आपको काफी दुख होता है कि लोगों को नस्लवाद का सामना करना पड़ रहा है।'
आखिर यहां का इतिहास क्यों इतना पीड़ादायक है?
उन्होंने कहा, 'ऑस्ट्रेलिया के इतिहास में जो हुआ जब आप उसे लेकर शिक्षित होते हो तो आपको समझ में आता है कि आखिर क्यों यह इतना पीड़ादायक है।' सिडनी टेस्ट के तीसरे दिन नशे में धुत्त एक दर्शक ने कथित तौर पर जसप्रीत बुमराह और सिराज पर नस्लीय टिप्पणी की थी। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने इसके बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के पास शिकायत दर्ज कराई। वहीं चौथे दिन भी इस तरह की घटना सामने आई, जिसके बाद कुछ देर खेल रुका रहा। बाद में कुछ दर्शकों को मैदान से बाहर कर दिया गया और मेजबान देश के क्रिकेट बोर्ड ने माफी मांगी।