वर्ष 2011 में वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम में शामिल एक प्रमुख खिलाड़ी का नाम आईपीएल मैच फिक्सिंग में शामिल है। इस बात का पता जस्टिस मुकुल मुदगल कमेटी की तरफ से सुप्रीम कोर्ट में आईपीएल मैच फिक्सिंग को लेकर जमा की गई फाइनल रिपोर्ट से चला है।
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक जस्टिस मुकुल मुदगल कमेटी की रिपोर्ट से पता चला है कि यह खिलाड़ी टीम इंडिया का नियमित खिलाड़ी नहीं है। पर उस खिलाड़ी ने अंतिम आईपीएल में एक प्रमुख टीम की तरफ से मैच खेला था। गौरतलब है कि मैच फिक्सिंग में इससे पहले राजस्थान रॉयल्स के तीन खिलाड़ियो समेत चेन्नई सुपर किंग्स के से जुड़े गुरूनाथ मयय्पन का नाम आ चुका है।
जांच रिपोर्ट में यह बात सामने आई है कि जिस खिलाड़ी का नाम रिपोर्ट में सामने आया है। उसका चेन्नई और जयपुर फ्रेंचाइजी से कुछ भी लेना-देना नहीं है। इस मामले में दो अन्य टीमों के खिलाड़ी जांच के दायरे में हैं।
तीन साल पुराने फोन टेप के जरिए इस खिलाड़ी से पूछताछ की गई है। सुप्रीम कोर्ट की तरफ से नियुक्त किए गए आईपीएस अधिकारी बीबी मिश्रा ने इस खिलाड़ी को समन दिया और उससे पूछताछ की है। बीबी मिश्रा को जस्टिस मुकुल मुदगल कमेटी की मदद करने के लिए नियुक्त किया गया है।